सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियन डेथ केस की CBI करेगी जांच, एफआईआर दर्ज
सीबीआई ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज की है।

सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले की जांच। (फाइल फोटो।)
HighLights
सीबीआई ने दिशा सालियन मौत मामले में एफआईआर दर्ज की।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया था।
कोर्ट ने मुंबई पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीबीआई ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज की है। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।
इस महीने की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सालियन की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया था और छह साल तक एफआईआर दर्ज न करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि पुलिस की जांच जवाबों से ज्यादा सवाल खड़े करती है।
मुंबई पुलिस की जांच पर कोर्ट ने उठाए सवाल
बेंच ने छह साल तक इस मामले को सिर्फ एक दुर्घटना से हुई मौत (एक्सीडेंटल डेथ) मानने के लिए पुलिस की आलोचना की और जांच में साफ तौर पर दिख रही कमियों की ओर इशारा किया।
दिशा की 2020 में हुई थी मौत
राजपूत की मैनेजर के तौर पर कुछ समय तक काम करने वालीं सालियन की मौत 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने से हुई थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी। इसके एक हफ्ते बाद, 14 जून, 2020 को राजपूत अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए, जिससे दोनों मौतों के बीच किसी संभावित संबंध को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
राजपूत की मौत के बाद हुए हंगामे के कारण महाराष्ट्र सरकार ने इसकी सीबीआई जांच के आदेश दिए। बाद में एजेंसी ने एक क्लोजर रिपोर्ट सौंपी जिसमें कहा गया कि राजपूत ने आत्महत्या की थी। हालांकि, संबंधित कोर्ट में इस रिपोर्ट पर अभी सुनवाई होनी बाकी है।
