दिशा सालियान मौत मामला: 6 साल बाद पिता ने दर्ज कराया बयान, आदित्य ठाकरे और सूरज पंचोली का लिया नाम
दिशा सालियान की मौत के छह साल बाद उनके पिता सतीश सालियान ने सीबीआई कार्यालय में बयान दर्ज कराया। उन्होंने ...और पढ़ें

दिशा सालियान मौत मामला (फाइल फोटो)
HighLights
सतीश सालियान ने सीबीआई कार्यालय में बयान दर्ज कराया।
आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली और अन्य के नाम लिए।
बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। अपनी बेटी दिशा सालियान की मौत के छह साल बाद सतीश सालियान ने शुक्रवार को यहां सीबीआइ कार्यालय में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने अपने बयान में शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और अन्य के नाम लिए हैं।
यह घटनाक्रम बांबे हाई कोर्ट के दो सितंबर के उस आदेश के बाद सामने आया है, जिसमें उसने दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआइ को जांच का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने सीबीआइ को एफआइआर दर्ज करने और दिशा सालियान के पिता का बयान दर्ज करने का निर्देश भी दिया था।
सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। दिशा सालियान की मौत आठ जून, 2020 को मुंबई के मालवणी इलाके में एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी।
सतीश सालियान अपने वकील नीलेश ओझा के साथ दोपहर करीब दो बजे सीबीआइ कार्यालय पहुंचे और चार घंटे से ज्यादा समय बाद वहां से निकले। ओझा ने मिड-डे से बातचीत में बताया कि हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआइ ने शुक्रवार को सतीश सालियान का बयान दर्ज किया।
उन्होंने अपने बयान में आदित्य ठाकरे, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और अन्य का नाम लिया है। ओझा ने दावा किया कि सचिन वाजे ने भी हमें न्यायेतर स्वीकारोक्ति दी है। अगर दिशा सालियान का मामला सुलझ गया तो सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला भी सुलझ जाएगा।
