छोटा राजन और भरत नेपाली के खिलाफ सीबीआइ ने दर्ज किए 12 मामले
ये केस उन 71 मामलों का हिस्सा हैं जो मुंबई पुलिस ने सीबीआइ को ट्रांसफर किए हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने गैंगस्टर छोटा राजन, भरत नेपाली, उसके करीबी सहयोगी और अन्य के खिलाफ 12 मामले दर्ज किए हैं। ये मामले हत्या, जबरन वसूली, अपहरण, गैरकानूनी रूप से हथियार रखने और अन्य आरोपों में दर्ज किए गए हैं।
ये केस उन 71 मामलों का हिस्सा हैं जो मुंबई पुलिस ने सीबीआइ को ट्रांसफर किए हैं। इसी साल अगस्त में मुंबई की अदालत ने गैंगस्टर राजेंद्र निखलजे उर्फ छोटा राजन और पांच अन्य को 2012 में होटल कारोबारी बीआर शेट्टी की हत्या के प्रयास के आरोप में आठ साल कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने इस मामले में दोषी ठहराए गए सभी छह व्यक्तियों पर पांच-पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
सभी के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के अलावा भारतीय दंड संहिता (आइपीसी) की धारा 307 (हत्या के प्रयास), 120बी (आपराधिक साजिश) और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं। मालूम हो कि छोटा राजन को नवंबर, 2015 में प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। केंद्र सरकार ने उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की जांच सीबीआइ को स्थानांतरित कर दी थी।