विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस केस में बड़ा एक्शन, CBI ने झुनझुनवाला समेत 3 अफसरों और 14 संस्थाओं को बनाया आरोपी

Published: Mon, 07 Sep 2026 10:33 PM (IST)

सीबीआई ने रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस घोटाले में 9,280 करोड़ रुपये के मामले में रिलायंस एडीए ग्रुप के तीन पूर्व अधिकारियों और 14 संस्थाओं के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया है। आरोपियों में अमिताभ झुनझुनवाला, अमित बापना और रमेश शेनाय के साथ छह बैंक अधिकारी भी शामिल हैं, जिन पर 6,229.54 करोड़ रुपये के धन के कथित डायवर्जन का आरोप है।

रिलायंस ADA ग्रुप के 3 पूर्व अफसरों पर CBI का शिकंजा

रिलायंस ADA ग्रुप के 3 पूर्व अफसरों पर CBI का शिकंजा

HighLights

  1. सीबीआई ने रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस घोटाले में पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया।

  2. तीन पूर्व रिलायंस एडीए ग्रुप अधिकारियों समेत 14 संस्थाएं आरोपी।

  3. छह बैंक अधिकारी भी 6,229 करोड़ रुपये डायवर्जन के आरोपी।

पीटीआई, नई दिल्ली। रिलायंस कामर्शियल फाइनेंस लिमिटेड से जुड़े 9,280 करोड़ रुपये के घोटाला मामले में सीबीआई ने सोमवार को रिलायंस एडीए ग्रुप के तीन पूर्व अधिकारियों के विरुद्ध पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया।

ये अधिकारी हैं- ग्रुप के प्रबंध निदेशक अमिताभ झुनझुनवाला, रिलायंस कैपिटल के मुख्य वित्तीय अधिकारी अमित बापना और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के कंपनी सेक्रेटरी रमेश शेनाय।

जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत में दाखिल पूरक आरोप-पत्र में 14 और संस्थाओं के नाम शामिल किए गए हैं।

सीबीआई की आरोपितों की सूची में आठ कंपनियां शामिल हैं। ये हैं- रिलांयस पावर लिमिटेड, बिग फ्लिक्स प्राइवेट लिमिटेड, रिलांयस बिग एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, रिलांयस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, कुंजबिहारी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, रिलांयस वेंचर असेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, रिलांयस ब्राडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड और रिलांयस टेलीकाम लिमिटेड।

सीबीआई प्रवक्ता ने बयान में कहा कि बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक से जुड़े छह बैंक अधिकारियों को भी आरोपित बनाया गया है। कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई।

प्रवक्ता ने कहा, आरोपितों पर आइपीसी के तहत आपराधिक साजिश, आपराधिक हेराफेरी और धोखाधड़ी के अपराधों के साथ-साथ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम, 1988 के तहत अपराधों के लिए आरोप-पत्र दाखिल किया गया है।

अपने आरोप-पत्र में सीबीआइ ने कहा कि अब तक की जांच से पता चला है कि रिलांयस कामर्शियल फाइनेंस लिमिटेड द्वारा लिए गए कर्ज की 6,229.54 करोड़ रुपये तक की धनराशि को कथित तौर पर इंटरमीडियरी कंपनियों के जरिये रिलांयस एडीए ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में डायवर्ट किया गया।

इस डायवर्जन से ऐसे कर्ज से जुड़ी शर्तों व नियमों का उल्लंघन हुआ। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।