25 लाख की रिश्वत मामले में एनसीबी के दो अधिकारी गिरफ्तार, सीबीआई ने की कार्रवाई
सीबीआई ने शाहजहांपुर के एक मेडिकल स्टोर संचालक से 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दो उपनिरीक्षकों को गिरफ्तार किया है।

25 लाख की रिश्वत मामले में एनसीबी के दो अधिकारी गिरफ्तार। यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
सीबीआई ने एनसीबी के दो उपनिरीक्षकों को गिरफ्तार किया।
मेडिकल स्टोर संचालक से 25 लाख की रिश्वत मांगी थी।
ड्रग्स मामले में न फंसाने के बदले हुई गिरफ्तारी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीबीआई ने शाहजहांपुर के एक मेडिकल स्टोर संचालक को ड्रग्स के एक मामले में न फंसाने के बदले 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दो उपनिरीक्षकों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी ने एनसीबी की दिल्ली क्षेत्रीय इकाई में तैनात उपनिरीक्षक अजीत सिंह मीणा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायतकर्ता शाहजहांपुर में मेडिकल स्टोर चलाता है।
उसने आरोप लगाया कि उसे एनसीबी की दिल्ली क्षेत्रीय इकाई की ओर से 16 जुलाई 2026 को एक नोटिस जारी किया गया था। उसने जरूरी दस्तावेजों के साथ इस नोटिस का जवाब दिया था। डाक से सितंबर में मिले इस नोटिस में डाइसाइक्लोमाइन ट्रामाडोल एचसीएल कैप्सूल की खरीद और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे।
प्राथमिकी के अनुसार, मीणा एक टीम के साथ मेडिकल स्टोर पहुंचा और सात अक्टूबर को वही नोटिस दोबारा दिया। शिकायतकर्ता ने अधिकारी को बताया कि वह पहले ही नोटिस का जवाब दे चुका है और संबंधित दस्तावेज जमा करा चुका है।
आरोप है कि मीणा ने उसके जवाब को नजरअंदाज कर दिया और मामला दर्ज होने पर कम से कम 10 साल की जेल होने की धमकी दी। उसने शिकायतकर्ता को दिल्ली में एक स्थान पर पेश होने का निर्देश दिया, जिसकी जानकारी बाद में देने की बात कही।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद मीणा ने वाट्सएप के जरिये शिकायतकर्ता से संपर्क किया और इस मामले में न फंसाने के बदले में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। कहा गया है कि सीबीआई की गोपनीय जांच में पुष्टि हुई कि मीणा ने कथित तौर पर 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और 12 लाख रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमति जताई थी।
यह रकम दिल्ली में मुनिरका मेट्रो स्टेशन के पास दी जानी थी। अधिकारियों ने बताया कि इस सूचना के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया। मीणा और एक अन्य उपनिरीक्षक सुमीत कुमार को आरके पुरम इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।