महाराष्ट्र में एक करोड़ रुपये की रिश्वत मामले में CBI का एक्शन, CGST अधीक्षक और परामर्शदाता गिरफ्तार
सीबीआइ ने महाराष्ट्र में एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में केंद्रीय वस्तु एवं उत्पाद कर (सीजीएसटी) के एक अधीक्षक और एक परामर्शदाता को गिरफ्तार किया है।
-1789234841902_m.webp)
HighLights
सीबीआइ ने सीजीएसटी अधीक्षक और परामर्शदाता को किया गिरफ्तार।
एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का है आरोप।
न्यू पनवेल की रियल्टी कंपनी की शिकायत पर कार्रवाई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीबीआइ ने महाराष्ट्र में केंद्रीय वस्तु एवं उत्पाद कर (सीजीएसटी) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त (सेंट्रल एक्साइज कमिश्नर) कार्यालय में तैनात एक अधीक्षक और सीजीएसटी परामर्शदाता (कन्सल्टेंट) को गिरफ्तार किया है। इन पर एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के न्यू पनवेल में एक प्राइवेट रियल्टी कंपनी के प्रोजेक्ट हेड की शिकायत पर बुधवार को एफआइआर दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की।
एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप
कंपनी नवी मुंबई के न्यू पनवेल के सेक्टर 17 में दो इमारतों के पुनर्निर्माण का काम कर रही थी। सीबीआइ के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अधीक्षक पंकज कुमार ने एनओसी जारी करने और पुनर्निर्माण के लिए फ्लैट सौंपने के बदले एक करोड़ रुपये की मांग की थी।
प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत की जांच के दौरान आरोपित अधिकारी ने 10 सितंबर को 10 लाख रुपये नकद मांगे। साथ ही आरोपित सरकारी कर्मचारी द्वारा खरीदे गए एक फ्लैट के अग्रिम भुगतान के रूप में 20 लाख रुपये और बाद में नई दिल्ली के अन्य अधिकारियों के लिए 70 लाख रुपये की मांग की।
एजेंसी ने गुरुवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया और शुक्रवार को उन्हें संबंधित अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने इजरायल और दुनिया भर के यहूदी समुदाय को दी नववर्ष की बधाई
