'ओए लकी ओए' फिल्म देखकर लग्जरी कारों की करने लगा चोरी
ह ब्रांडेड कपड़े पहनता था और विग लगाकर निकलता था। वारदात को वह सुबह के समय अंजाम देता था। उसे पता था कि सुबह के समय पॉश कॉलोनी के लोग पार्को में सैर के लिए निकलते हैं।
पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता। नोएडा से एक निजी कंपनी के डायरेक्टर की बीएमडब्ल्यू कार चोरी के मामले में दिल्ली पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने रॉबिन उर्फ राहुल (27) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बीएमडब्ल्यू कार के अलावा पंचकूला से चुराई गई फॉच्र्यूनर कार भी बरामद की है। पूछताछ में रॉबिन ने पुलिस को बताया कि वह कुख्यात वाहन चोर बंटी और उसपर बनी फिल्म 'ओए लकी ओए' देखकर लग्जरी कारों की चोरी करने लगा। दिल्ली पुलिस इसके खिलाफ दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज 29 मामले सुलझाने का दावा कर रही है। रॉबिन मूलरूप से हरियाणा के हिसार जिले का रहने वाला है। इन दिनों दक्षिणी दिल्ली के देवली गांव में एक युवती के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि रॉबिन को पश्चिम विहार स्थित एक पांच सितारा होटल के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि लग्जरी गाडि़यों के लिए वह पॉश कॉलोनियों पर नजर रखता था। वहां रहने वाले लोगों या गार्ड को शक नहीं हो इसके लिए वह अपने पहनावे का पूरा ख्याल रखता था। वह ब्रांडेड कपड़े पहनता था और विग लगाकर निकलता था। वारदात को वह सुबह के समय अंजाम देता था। उसे पता था कि सुबह के समय पॉश कॉलोनी के लोग पार्को में सैर के लिए निकलते हैं। कॉलोनी में वह ऐसे घरों को ढूंढता था जिसके दरवाजे खुले हों और घर के अंदर या बाहर लग्जरी कार खड़ी हो। घर को चिन्हित करने के बाद वह उसमें प्रवेश करता था। वह मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी, स्कोडा जैसी महंगी कारों को ही निशाना बनाता था।
पूछताछ में उसने बताया कि वह मनोज बक्करवाला से भी प्रभावित था। मनोज से उसकी मुलाकात तिहाड़ में हुई थी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जनवरी में उसे गिरफ्तार किया था। मई में वह जमानत पर बाहर आ गया। जेल से निकलने के बाद उसने रवि गंगवार, रोहित व राहुल के साथ मिलकर एक गिरोह बनाया। रवि दक्षिणी दिल्ली का नामी अपराधी है।
पढ़ें- वाहन चोर बंटी पर बनी फिल्म देख लग्जरी कारों की करने लगा चोरी