दिल्ली से बीएसएफ के जवानों के पास आया कॉल, कहा तुरंत हो जाओ क्वारंटाइन
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बीएसएफ के 14 जवानों के पास शनिवार को दिल्ली के उच्च अधिकारियों का कॉल आया। अधिकारियों ने जवानों को तुरंत क्वारंटाइन होने के निर्देश दिए।
दुर्ग, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बीएसएफ के जवानों के पास शनिवार को दिल्ली से एक उच्चाधिकारी का फोन आया। फोन में अधिकारी ने जवानों को तुरंत क्वारंटाइन होने जाने की सलाह दी। दिल्ली से उच्च अधिकारी का कॉल आने के बाद जवान हड़बड़ा गए, उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या हैं।
बीएसफ के 14 जवानों ने उच्चाधिकारी के आदेश का पालन करते हुए सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। यहीं नहीं जांच के लिए सैंपल भी दिए। दरअसल, सभी जवान कुछ दिनों पहले दिल्ली के एक मेस में भोजन किए थे। जवानों ने दिल्ली के जिस मेस में भोजन किए थे, वहां एक का रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दिल्ली के अधिकारियों में हड़कंप मचा गया। अधिकारियों ने तत्काल जवानों को कॉल कर क्वारंटाइन होने के निर्देश दिए।
दो जवानों में सर्दी, खांसी व बुखार के लक्षण
बीएसएफ के 14 जवानों ने शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। सभी जवानों का सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स रायपुर भेज दिया गया है। दो जवानों में सर्दी, खांसी व बुखार के लक्षण हैं। एहतियातन की दृष्टि से दोनों जवानों को आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं 12 जवानों को भिलाई सेक्टर-4 स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया हैं, जहां सभी जवानों की स्थिति सामान्य है। 12 जवानों में किसी भी प्रकार का सिमटम नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से जवान 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहेंगे।
इधर स्वास्थ्य विभाग दो जवानों पर विशेष नजर रख रहा है। बीएसएफ के 14 जवान कुछ दिनों पहले दिल्ली से लौटे हैं। शनिवार को एक युवक हैदराबाद से पैदल-पैदल दुर्ग आ गया। इसकी जानकारी लगते ही स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने युवक को तुरंत क्वारंटाइन कर दिया।
रिकार्ड तोड़ सैंपल
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग एहतियात बरत रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 292 सैंपल लिए। सभी सैंपल को जांच के लिए एम्स रायपुर भेज दिया गया है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसमें कोरोना का लक्षण है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 1178 सैंपल ले चुका है। जिसमें से 711 के रिपोर्ट निगेटिव हैं। वहीं 482 लोगों का रिपोर्ट आनी बाकी है। 16 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 27 लोगों को क्वारंटाइन में और 18 लोगों को आइसोलेशन में रखा है। जिन लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है उन्हें सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत है।
सीएमएचओ डॉ.गंभीर सिंह ठाकुर ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों का सैंपल लिया जा रहा है। शनिवार को बीएसएफ के 14 जवानों का सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स रायपुर भेज दिया गया है। दो जवानों में सर्दी, खांसी के लक्षण हैं। एहतियातन की दृष्टि से दोनों जवानों को आइसोलेट कर दिया गया है।