Move to Jagran APP

अब बिजनेस वीजा का 15 साल का विस्तार, जानें और क्या हुए बदलाव

केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अब पांच साल के बाद भी बिजनेस वीजा का विस्तार हो सकता है। इसका विस्तार अधिकतम 15 साल के लिए हो सकता है।

By TaniskEdited By: Published: Tue, 04 Dec 2018 06:50 PM (IST)Updated: Tue, 04 Dec 2018 06:50 PM (IST)
अब बिजनेस वीजा का 15 साल का विस्तार, जानें और क्या हुए बदलाव
अब बिजनेस वीजा का 15 साल का विस्तार, जानें और क्या हुए बदलाव

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत ने बिजनेस वीजा का अधिकतम 15 साल तक का विस्तार करने की सुविधा देने का फैसला किया है। 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के तहत यह विस्तार एक बार में पांच साल के लिए हुआ करेगा। इसके अलावा, विदेशियों के लिए नियमित वीजा को आपात स्थिति में चिकित्सा श्रेणी में भी भारत में रहते हुए ही बदला जा सकेगा।

loksabha election banner

केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अब पांच साल के बाद भी बिजनेस वीजा का विस्तार हो सकता है। इसका विस्तार अधिकतम 15 साल के लिए हो सकता है। इसके अलावा, भारत सरकार देश में आए किसी विदेशी के वीजा को आपात स्थिति में चिकित्सा वीजा में परिवर्तित कर सकती है। साथ ही सम्मेलनों में भागीदारी के लिए लंबे समय से रह रहे विदेशियों को भी लंबी अवधि के वीजा दिए जा सकते हैं। इसके अलावा, इंटर्नशिप वीजा के अनुदान में उन छात्रों को छूट मिलेगी जो भारत में बिना किसी पारिश्रमिक के देश में एक कोर्स की पढ़ाई कर रहा है।

इस साल अब तक 21 लाख ई-वीजा

राजीव गौबा ने बताया कि पिछले चार सालों में ई-वीजा की तादाद में बेतहाशा वृद्धि हुई है। वर्ष 2015 में 5.17 लाख ई-वीजा जारी हुए थे जोकि इस साल 30 नवंबर तक 21 लाख ई-वीजा जारी हो चुके हैं। पर्यटन, कारोबार, स्वास्थ्य, चिकित्सा और सम्मेलन के मकसद से 166 देशों और विदेशियों को महज 72 घंटे में ऑनलाइन वीजा हासिल हो सकता है। फिलहाल कुल जारी किए जाने वाले वीजा में 40 फीसद ई-वीजा होते हैं जिनके आने वाले समय में 50 फीसद होने की उम्मीद है। यह इसकी लोकप्रियता की निशानी है।

सरकार का मकसद सरल वीजा प्रणाली 

केंद्रीय गृह सचिव ने भारतीय वीजा प्रणाली को व्यवस्थित बनाने के संबंध में बताया कि भारत सरकार का मकसद एक सरल और झंझटों से मुक्त वीजा प्रणाली को स्थापित करना है। ताकि देश में आने वाले विदेशी यात्री यहां सुगमता से आएं और रहें।

उन्होंने बताया कि वीजा प्रणाली को उदार बनाने की प्रक्रिया में नागरिक उड्डयन, पर्यटन, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और कई अन्य मंत्रालयों के भी सुझाव लिए गए हैं। गौबा ने कहा कि भारत में शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनने की क्षमता है। मित्रवत वीजा प्रणाली 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' का हिस्सा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.