श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से लीलास्थली वृंदावन तक चेलेगी 'ब्रज मेट्रो ट्रेन'
मथुरा से दिल्ली के बीच दिन में नियमित पैसेंजर ट्रेन न होने की वजह से ब्रजवासियों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मथुरा और वृंदावन के बीच मेट्रो की तर्ज पर 'ब्रज मेट्रो ट्रेन' चलेगी। दोनों धार्मिक शहरों के बीच रेल का हेरिटेज कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने यह आश्वासन दिया है। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने इस सिलसिले में गुरुवार को गोयल से मुलाकात की। रेल मंत्री ने उन्हें यह आश्वासन दिया। इस मुलाकात के दौरान शर्मा ने दो पत्र भी रेल मंत्री को सौंपे, जिसमें उन्होंने मथुरा से दिल्ली के बीच ईएमयू ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग भी की है।
मथुरा-वृंदावन से विधायक शर्मा ने गोयल को लिखे पत्र में कहा कि अध्यात्म जगत में ब्रज शीर्ष पर विराजमान है। करोड़ों श्रद्धालु और तीर्थयात्री हर साल यहां आते हैं, लेकिन यहां ढांचागत सुविधाओं, विशेषकर यात्री परिवहन सुविधाओं का अभाव है। इसलिए भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से लीलास्थली वृंदावन तक एक 'ब्रज मेट्रो ट्रेन' कॉरीडोर विकसित किया जाए।
शर्मा ने कहा कि मथुरा और वृंदावन के बीच करीब 15 किलोमीटर रेल ट्रैक है जिस पर फिलहाल 'रेल बस' चलती है। हालांकि यह रेल बस सेवा नियमित नहीं है, जिससे रेलवे की इस परिसंपत्ति का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस कॉरीडोर को ब्रज थीम के साथ विकसित कर मथुरा-वृंदावन के बीच आधुनिक सुविधाओं से संपन्न नियमित ब्रज मेट्रो ट्रेन चलाई जाए तो इससे श्रद्धालुओं का भला होगा।
शर्मा ने कहा कि मथुरा से हर दिन हजारों लोग काम करने के लिए दिल्ली-एनसीआर जाते हैं। मथुरा से दिल्ली के बीच दिन में नियमित पैसेंजर ट्रेन न होने की वजह से ब्रजवासियों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसलिए सब-अरबन ट्रेन सिस्टम की तर्ज पर मथुरा से दिल्ली के बीच नियमित रूप से प्रतिदिन हर घंटे ईएमयू पैसेंजर गाड़ी चलाई जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली से पलवल तक हर आधे घंटे पर ईएमयू ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है। अगर इसका विस्तार मथुरा तक किया जाता है तो इससे ब्रज क्षेत्र को लाभ होगा।