असम: लापता BSF जवान का नदी में मिला शव, बांग्लादेश सीमा के पास ड्यूटी के दौरान हुए थे गायब
कटिगोराह स्थित हरि नगर बार्डर आउटपोस्ट पर तैनात कांस्टेबल के. वेणु सोमवार को उस समय लापता हो गए थे, जब वे और उनके एक साथी ने बराक नदी में कूदकर उन संदिग्ध तस्करों को पकड़ने की कोशिश की, जो कथित तौर पर बचने के लिए पानी में उतर गए थे।

असम की कुशियारा नदी में लापता बीएसएफ जवान का शव मिला
HighLights
संदिग्ध तस्करों को पकड़ने की कोशिश में नदी में लगाई थी छलांग
डीआईजी ने बताया कि शव पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं था
पीटीआई, गुवाहाटी। असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास मवेशी तस्करों का पीछा करते समय लापता बीएसफ जवान का शव बुधवार सुबह कुशियारा नदी से मिला।
कटिगोराह स्थित हरि नगर बार्डर आउटपोस्ट पर तैनात कांस्टेबल के. वेणु सोमवार को उस समय लापता हो गए थे, जब वे और उनके एक साथी ने बराक नदी में कूदकर उन संदिग्ध तस्करों को पकड़ने की कोशिश की, जो कथित तौर पर बचने के लिए पानी में उतर गए थे।
बीएसएफ मिजोरम और कछार फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक अहसान शहीदी ने पुष्टि की कि वेणु का शव सुबह 8:20 बजे श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास, नदी के बहाव की दिशा में आगे मिला।
शहीदी ने कहा, "दुखद खबर है। उनका शव बराक घाटी के श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास कुशियारा नदी से निकाला गया है, जहां वह नदी के बहाव के साथ बहकर आ गया था।"
डीआइजी ने बताया कि शव पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल भेज दिया गया है।
असम में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल
असम के डिब्रूगढ़ में बुधवार तड़के एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों को तब गोली मार दी गई, जब वे क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाथापाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें आयल इंडिया लिमिटेड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान में एक परिवार के तीन सदस्यों के शव उनके घर पर मिलने के एक दिन बाद इन दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया था कि हत्या में इस्तेमाल हथियार (एक हथौड़ा) उन्होंने तिनसुकिया के रास्ते में बालीजन टी एस्टेट के पास छिपा दिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को उस जगह पर ले जाने का फैसला किया। अधिकारी ने बताया, "रास्ते में, दोनों ने पुलिस पर हावी होने और भागने के लिए उनके हथियार छीनने की कोशिश की।
इस दौरान हुई हाथापाई में पुलिसकर्मियों ने गोली चला दी, जो दोनों आरोपियों के पैरों में लगी।" आरोपितों को तेंगाखत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कालेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।