यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रचंड गर्मी की जद में पूरा उत्तर भारत, 21 की मौत
उत्तर भारत में चल रही गरम हवाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। घर हो या बाहर, भीषण गर्मी का कहर ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। उत्तर भारत में चल रही गरम हवाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। घर हो या बाहर, भीषण गर्मी का कहर हर जगह मौजूद है। बुधवार दिन भर की तपिश के बाद शाम को कुछ प्रदेशों में हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। प्रचंड गर्मी से 21 लोगों की मौत हो गई। पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश होने से तापमान में कमी आई।
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला एक बार फिर सबसे गर्म रहा। मंगलवार की ही तरह पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा। ताजमहल का दीदार करने आगरा आए पर्यटकों को काफी असुविधा हुई। यहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभिन्न जिलों में 18 लोगों की जान चली गई। देश की राजधानी दिल्ली के भी निवासी तपते रहे। तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर चले लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल करके रख दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक यहां बूंदाबांदी होने की संभावना व्यक्त की है। हरियाणा में गर्मी न झेल पाने से तीन की मौत हो गई। पंजाब के फरीदकोट, गुरदासपुर व पठानकोट में तेज हवाओं के साथ कुछ देर बूंदाबांदी हुई। जालंधर में दिनभर लोग लू से परेशान रहे। संगरूर में सबसे अधिक 47 डिग्री तापमान रहा। यही हाल राजस्थान का भी है। यहां तो किसी भी जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा ही नहीं। पूर्वी भारत में भी गर्मी का प्रकोप है। झारखंड में भीषण बिजली कटौती के बीच अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
उत्तराखंड में दिनभर की गर्मी के बाद शाम को पड़ी फुहारों से लोगों को सुकून मिला। हालांकि आंधी में पेड़ों के धराशायी होने से कई स्थानों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई। कई स्थानों पर होर्डिग भी ढह गए। गंगोत्री, यमुनोत्री व केदारनाथ समेत कई स्थानों पर बारिश हुई, जिससे मौसम खुशगवार हो गया। मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री हरीश रावत के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हिमाचल प्रदेश में कई जगह हल्की बारिश हुई। कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने से उमस बढ़ गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जम्मू तो गर्मी से तड़प रहा है पर कश्मीर में मौसम बढि़या है। जम्मू में पारा 43.8 डिग्री रहा। कश्मीर के उच्चपर्वतीय इलाकों में बारिश हुई और निचले इलाकों में भी दिनभर बादल छाए रहे।
वज्रपात ने ली चार की जान
कोलकाता। तेज हवा व बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत दी। कोलकाता समेत लगभग पूरे दक्षिण बंगाल में बारिश हुई। परंतु इस काल बैशाखी ने आसनसोल अंचल में अपना रौद्र रूप दिखाया। वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई। शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए। वहीं हाई वोल्टेज तार पर पेड़ की डाल गिरने से ट्रेन सेवा भी बाधित रही।
