'भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करे अमेरिका'; बोले पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन
पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका को भारत की आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता नीति और आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए।

पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन
HighLights
अमेरिका भारत के आत्मरक्षा अधिकार का सम्मान करे: ब्लिंकन।
भारत वैश्विक शक्ति, पाकिस्तान से अमेरिकी संबंध क्षेत्र-आधारित।
आतंकवाद पर भारत की कार्रवाई का समर्थन करे अमेरिका।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की नीति है और अमेरिका को भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। यह बात अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वाशिंगटन के नई दिल्ली और इस्लामाबाद के साथ अलग तरह के संबंध हैं। दोनों देशों के साथ अमेरिका के संबंधों में बुनियादी अंतर है।
ब्लिंकेन ने कहा, भारत एक वैश्विक शक्ति है, इसलिए भारत और अमेरिका के संबंध वैश्विक परिदृश्य पर आधारित हैं। जबकि पाकिस्तान के साथ अमेरिका का रिश्ता क्षेत्र आधारित है।
पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह बात नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इंडिया ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन के चेयरमैन जवाद अशरफ से बातचीत में कही।
ब्लिंकेन ने कहा, अमेरिका की भी आतंकवाद को बर्दाश्त न करने की नीति है, ऐसे में उसे भारत की इस नीति का सम्मान करना चाहिए। भारत की आतंकवादी हमलों के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करना चाहिए। यह समर्थन कूटनीतिक आधार पर भी हो सकता है जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव ज्यादा न बढ़े। तनाव बढ़ने से रोकने का प्रयास इसलिए भी होना चाहिए क्योंकि दोनों ही देश परमाणु शक्ति संपन्न हैं।
पाकिस्तान के साथ अमेरिकी रिश्तों की चर्चा करते हुए ब्लिंकेन ने कहा, शीतयुद्ध काल में रणनीतिक कारणों से अमेरिका के पाकिस्तान के साथ रिश्ते थे जबकि उसके बाद अफगानिस्तान के साथ युद्ध के चलते पाकिस्तान के साथ अमेरिका की नजदीकी थी। इन कारणों से अमेरिका पाकिस्तान की निर्वाचित और सैन्य सरकारों के प्रति कम आलोचनात्मक रहा।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)