मध्य प्रदेश के हरदा में काले हिरण का शिकार, खेत में शव छोड़ भागे शिकारी
ग्रामीणों के अनुसार, फसल कटने के बाद खेत खाली हैं और रात में विचरण करने वाले काले हिरण तथा अन्य ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश के हरदा में काले हिरण का शिकार
HighLights
किसानों को देख शिकारी भाग निकले
नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया
जेएनएन, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया वन परिक्षेत्र में बंदूक से गोली मारकर काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। सोमवार रात खेतों में सिंचाई कर रहे किसानों ने गोली चलने की आवाज सुनी।
टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे तो वहां खून से लथपथ मादा हिरण मृत मिली। किसानों को देख शिकारी भाग निकले। मंगलवार को वन परिक्षेत्र अधिकारी की मौजूदगी में हिरण का पोस्टमार्टम कराया गया।
न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, फसल कटने के बाद खेत खाली हैं और रात में विचरण करने वाले काले हिरण तथा अन्य वन्यजीव शिकारियों के आसान निशाने पर हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सीएस भिलाला ने बताया कि शिकार रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कर्मचारियों को सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपितों की तलाश जारी है।