विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुनाव EVM से हों या बैलेट पेपर से, हर बार हारी कांग्रेस'; MLC इलेक्शन के नतीजों को लेकर BJP का राहुल गांधी पर तंज

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:00 PM (IST)

भाजपा ने MLC चुनावों में कांग्रेस की हार पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी बैलेट पेपर से भी अपनी ...और पढ़ें

बीजेपी ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना (फाइल फोटो)

बीजेपी ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना (फाइल फोटो)

HighLights

  1. भाजपा ने MLC चुनाव नतीजों पर कांग्रेस को घेरा।

  2. सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर हमला बोला।

  3. कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के चार राज्यों में 23 अक्टूबर को हुए विधान परिषद के नतीजे अब सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में MLC चुनावों की गिनती जारी है। वहीं कर्नाटक की चारों सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने आज बुधवार, 28 अक्टूबर को चार राज्यों में हुए MLC चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। BJP का दावा है कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर भी कांग्रेसअपनी मौजूदगी दर्ज कराने में भी नाकाम रही है।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर भी नहीं जीती कांग्रेस

बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'संदेश साफ है, कांग्रेस पार्टी इन (MLC) चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में नाकाम रही है। सबसे अहम बात यह है कि ये चुनाव बैलेट बॉक्स और बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे, फिर भी कांग्रेस अपनी मौजूदगी नहीं दिखा पाई।'

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा, 'अगर कांग्रेस नेताओं की भाषा में कहें, तो पार्टी अपना अस्तित्व तक नहीं दिखा पाई। इससे साफ है कि कांग्रेस में किसी भी चुनाव में जनता या मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की क्षमता नहीं है, चाहे चुनाव EVM से हों या बैलेट पेपर से।'

'राहुल गांधी सैर-सपाटा करते लौटे हैं'

MLC चुनावों में BJP और उसके NDA सहयोगियों की जीत के पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

सुधांशु त्रिवेदी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की होने वाली रैली को लेकर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि राहुल गांधी लगभग दो हफ्ते तक मौज-मस्ती और सैर-सपाटा करने के बाद अब वापस लौटे हैं। अब वे एक ऐसा आंदोलन शुरू करने की बात कर रहे हैं, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।'

बीजेपी सांसद ने आगे कहा, 'राहुल गांधी को यह समझ लेना चाहिए कि न तो जनता और न ही विधायक उनके साथ हैं। कांग्रेस को यह जान लेना चाहिए कि जनता का समर्थन कड़ी मेहनत से मिलता है, न कि सैर-सपाटे और मौज-मस्ती से।'

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा, 'हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं, जबकि अमित शाह पंजाब में हैं। वहीं दूसरी ओर, राहुल गांधी गायब थे और 'चंपा' (वियतनाम का प्राचीन नाम) में घूम रहे थे। इसके बाद भी वे उम्मीद करते हैं कि उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा।'

बीजेपी नेता ने आगे कहा, 'इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी से कहना चाहता हूं... कड़ी मेहनत से बचने की अपनी आदत छोड़ दें, तो वोट चोरी का नारा अपने आप खत्म हो जाएगा।'

BJP की यह तीखी टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगातार गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं।

डीके शिवकुमार पर तंज

कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हुई है। राज्य की विपक्षी पार्टी बीजेपी-JD(S) गठबंधन ने सभी चार सीटें जीत लीं। सत्ताधारी कांग्रेस के एक भी सीट न जीत पाने पर बीजेपी ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर तंज कसा।

बीजेपी की कर्नाटक इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'डीके, इट्स डन ब्रो!'

इस पोस्ट में आगे कहा गया, 'NDA ने MLC चुनावों में शिक्षकों और स्नातकों के सभी 4 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है!'

बीजेपी ने उत्तर-पूर्व शिक्षक, दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों पर अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि उसके सहयोगी दल JD(S) ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली।

Karnataka MLC

यह भी पढ़ें- कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, चारों सीटों पर जीता BJP-JDS गठबंधन