‘महात्याग नहीं, सुपर पीएम बनने की चाल थी’, सोनिया गांधी के संस्मरण पर बीजेपी का हमला
भाजपा ने सोनिया गांधी के संस्मरण की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद न संभालने का उनका 'महात्याग' सिर्फ 'सुपर पीएम' बनने की चाल थी।

सोनिया गांधी के संस्मरण पर बीजेपी का हमला।
HighLights
सोनिया का त्याग 'सुपर पीएम' बनने की चाल थी।
राजीव गांधी आपातकाल के समर्थक थे, सोनिया का दावा गलत।
बाबरी विध्वंस पर आंसू बहाने के दावे पर सवाल।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण की आलोचना करते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद नहीं संभालने का ‘महात्याग’ सिर्फ ‘सुपर पीएम’ बनने के लिए किया था। पार्टी ने सोनिया के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि उनके पति राजीव गांधी आपातकाल के विरुद्ध थे।
साथ ही अयोध्या में विवादित ढांचे को गिरते हुए देखकर आंखों में आंसू आने के उनके दावे पर सवाल उठाया और कहा कि जब छह दिसंबर, 1992 को अयोध्या से लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था ही नहीं थी, तो सोनिया गांधी ने इसे कैसे देख लिया।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सोनिया ने प्रधानमंत्री पद तो छोड़ दिया, लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग शासन के दौरान राष्ट्रीय सलाहकार समिति (एनएसी) की अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा लिया। उन्होंने कहा, 'दुनिया में त्याग का ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा, जहां प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट रैंक का पद लिया गया हो।
राष्ट्रीय सलाहकार समिति की अध्यक्षता कैबिनेट रैंक का पद था, वह भी लाभ के पद के साथ- यानी लाभ वाली कैबिनेट रैंक हासिल की गई। विवाद खड़ा हुआ तो सोनिया को इस्तीफा देना पड़ा। चुनाव के बाद उनके लौटने से पहले, उनके नेतृत्व में चल रही मनमोहन सिंह सरकार ने नियम बदल दिए और राष्ट्रीय सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद को लाभ के पद के दायरे से बाहर कर दिया।'
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं। इसका सुबूत यह है कि 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार एक वोट से बहुमत से पीछे रह गई थी, तब सोनिया ने तत्कालीन राष्ट्रपति केआर नारायणन से मुलाकात के बाद घोषणा की थी, ‘हमारे पास 272 हैं।’ इसका मतलब है कि वह प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं, लेकिन उन्हें सहयोगी दलों का समर्थन नहीं मिला।
त्रिवेदी ने आपातकाल के लिए अपने देवर संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराने और राजीव गांधी के इसके विरुद्ध होने का दावा करने पर भी सोनिया की आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजीव गांधी ने कई मौकों पर आपातकाल का समर्थन किया था। सवाल यह है कि दिवंगत राजीव गांधी सही हैं या सोनिया गांधी।
संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ रिश्तों में आई दरार को लेकर संस्मरण के विवरण पर त्रिवेदी ने कहा कि यह ‘आपातकाल की कहानी’ के बजाय ‘देसी देवरानी’ और ‘विदेशी जेठानी’ के बीच गहरी दुश्मनी की कहानी ज्यादा है।
त्रिवेदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीपावली को खुशियों वाली ईद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के दीपावली को प्रदूषण से जोड़ते हुए मानव जनित रोग बताने और सोनिया के विवादित ढांचे के विध्वंस को देखकर आंसू आने संबंधी बयान को सुव्यवस्थित भारत विरोधी और हिंदू विरोधी सोच का प्रमाण बताया।
तीनों के बयान को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी वोट हासिल करने की चाहत और छटपटाहट में कांग्रेस किसी भी सीमा तक जाकर हिंदू धर्म का अपमान करने के लिए तैयार है।
सुधांशु त्रिवेदी ने सपा नेता सनातन पांडे के कारसेवकों पर गोली चलाने को सही ठहराने और अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने को विधानसभा चुनाव से पहले जनता को बरगलाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि जनता उनकी असली मंशा भलीभांति समझ रही है।
अयोध्या में सपा के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दरअसल हमारी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता ने अखिलेश यादव को वहां जाने के लिए विवश कर दिया। उन्होंने कहा कि तीन दशक पहले "मिले मुलायम-काशीराम, हवा में उड़ गए जय श्री राम" का नारा लगा था, लेकिन अब हालात पूरी तरह से बदल गए हैं और सभी "जय श्रीराम" का नारा लगाने को विवश हो रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।