विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'झूठ फैला-फैलाकर बहुत थक गया हूं...' राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर भाजपा का तंज; कांग्रेस ने किया पलटवार

Published: Tue, 20 Oct 2026 01:31 PM (IST)

बीजेपी ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर सवाल उठाते हुए उन पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के बीच विदेश जाने का आरोप लगाया है।

HighLights

  1. बीजेपी ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर सवाल उठाए।

  2. कांग्रेस ने राहुल की विदेश यात्रा का बचाव किया।

  3. विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के बीच राहुल की यात्रा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी ने एक बार फिर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने का मुद्दा उठाया है। पार्टी ने उन पर आरोप लगाया है कि विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के बीच वे एक और विदेश यात्रा पर निकल गए हैं।

बीजेपी ने राहुल का वीडियो किया शेयर

बीजेपी ने विमान के अंदर का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें राहुल गांधी वियतनाम जाने वाली फ्लाइट पर बैठे दिख रहे हैं। इस पर तंज कसते हुए पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी शायद विरोध प्रदर्शनों से बहुत थक गए हैं और ब्रेक पर चले गए हैं।

पार्टी ने अपने सोशल साइट X पर तंज कसते हुए लिखा, 'झूठ फैला-फैलाकर बहुत थक गया हूं। चलो, कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसे पता चलेगा?' इसके साथ ही उन्होंने यह वीडियो भी पोस्ट किया, जिसे फ्लाइट में मौजूद एक अन्य यात्री ने बनाया था।

बीजेपी ने एक बार फिर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने का मुद्दा उठाया है। पार्टी ने उन पर आरोप लगाया है कि विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों के बीच वे एक और विदेश यात्रा पर निकल गए हैं।

बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, 'देखिए राहुल गांधी हर बार ऐसा ही करते हैं। बिहार में यात्रा करने के बाद वे दो महीने की छुट्टी पर विदेश चले गए थे। शायद तब वे वियतनाम गए थे और हो सकता है कि इस बार भी वे वियतनाम ही गए हों।'

बीजेपी के एक अन्य नेता ने कहा कि राहुल गांधी इतनी राजनीतिक मेहनत नहीं कर सकते और अक्सर छुट्टियों पर निकल जाते हैं।

बीजेपी की शाजिया इल्मी ने कहा, 'राहुल गांधी अब और बर्दाश्त नहीं कर पाए। वे आखिर कितनी मेहनत कर सकते हैं? 'वोट चोरी' का मुद्दा तो बस एक बहाना है। सब जानते हैं कि वे कितने आलसी हैं। अब उनका 'पर्यटन' फिर से शुरू हो गया है। साफ है कि वे दो हफ्ते भी काम नहीं कर पाए और फिर से निकल पड़े। इस बार वे वियतनाम की यात्रा पर गए हैं।'

कांग्रेस ने बीजेपी पर बोला हमला

इस मुद्दे पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी विपक्ष के नेता की विदेश यात्राओं को बेवजह मुद्दा बनाती है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, 'कौन, कहां और कब यात्रा करता है इसमें क्या समस्या है? क्या बाकी लोग बाहर नहीं जाते? राहुल गांधी एक व्यक्ति हैं, विपक्ष के नेता हैं; उनकी कुछ जिम्मेदारियां हैं। वे येल यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करते हैं, लंदन में छात्रों से मिलते हैं और वहां के बुद्धिजीवियों से चर्चा करते हैं। वे प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं - एक ऐसा काम जो प्रधानमंत्री नहीं करते।'

कांग्रेस नेता ने बीजेपी को जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया, जो संसद सत्र के दौरान की गई थीं। कांग्रेस के नेता ने पलटवार करते हुए कहा, 'बीजेपी को इससे क्या दिक्कत है? हमारी एक परंपरा रही है कि जब लोकसभा का सत्र चल रहा हो, तो प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर नहीं जाते। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने इस परंपरा को तोड़ दिया। तब कोई सवाल क्यों नहीं उठता?'

बता दें राहुल गांधी SIR के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। चुनाव आयोग और भाजपा ने मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज कर दिया है और राहुल गांधी पर 'झूठ फैलाने' का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के ‘एक्सपायरी डेट’ वाले बयान पर शिवराज का पलटवार, बोले- 99 बार क्वालिटी टेस्ट में फेल प्रोडक्ट कर रहा ऐसी बात!