विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के ‘एक्सपायरी डेट’ वाले बयान पर शिवराज का पलटवार, बोले- 99 बार क्वालिटी टेस्ट में फेल प्रोडक्ट कर रहा ऐसी बात!

Published: Mon, 19 Oct 2026 03:05 PM (IST)

राहुल गांधी के भाजपा नेताओं की 'एक्सपायरी डेट' वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. राहुल गांधी ने भाजपा नेताओं की 'एक्सपायरी डेट' बताई।

  2. शिवराज ने राहुल को 'क्वालिटी टेस्ट में फेल प्रोडक्ट' कहा।

  3. उनहोंने भाजपा को आंदोलन बताया, जिस पर जनता को भरोसा है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भाजपा और उसके नेताओं की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए कहा कि जो प्रोडक्ट 99 बार लॉन्च होने के बावजूद हर बार क्वालिटी टेस्ट में फेल रहा हो, उसका भाजपा की एक्सपायरी डेट पर बात करना हास्यास्पद है।

राहुल ने भाजपा पर बोला था हमला

दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को गोवा में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा था। उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार पहुंचने का आह्वान किया। इसी दौरान राहुल ने कार्यकर्ताओं से कहा था कि आप गोवा पर फोकस करें। दिल्ली में हम जल्द ही नरेंद्र मोदी और अमित शाह से निपट लेंगे। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं की एक्सपायरी डेट करीब आ रही है।

शिवराज ने कहा - जनता का भरोसा नहीं जीत पा रहा विपक्ष

राहुल गांधी के इस बयान पर शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बार-बार गुणवत्ता परीक्षण में असफल रहे प्रोडक्ट का भाजपा की एक्सपायरी डेट पर टिप्पणी करना हास्यास्पद ही है। वह (राहुल) भाजपा की एक्सपायरी डेट बता रहे हैं। लेकिन भाजपा सिर्फ एक पार्टी नहीं है। यह एक आंदोलन है, राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महायज्ञ है। गरीब कल्याण का संकल्प है बीजेपी। माताओं-बहनों, युवाओं और किसानों के सशक्तीकरण का आंदोलन है बीजेपी।

शिवराज ने एक अन्य पोस्ट में विपक्ष पर हमला बोलते हुए उसे ‘रिजीम चेंज गैंग’ यानी 'सत्ता परिवर्तन गिरोह' करार दिया। शिवराज ने कहा कि रिजीम चेंज गैंग की दाल इसलिए नहीं गल रही, क्योंकि देश के युवाओं को, किसानों को बहन-बेटियों तथा माताओं को अपने नेतृत्व पर भरोसा है।

देश की जनता को भरोसा है उस नेतृत्व पर, जिसने दुनिया के सामने भारत का मस्तक ऊंचा किया है। जिसने देश को आत्मविश्वास से चलना सिखाया है और जो हर चुनौती के सामने सीना तानकर खड़ा है। आज का भारत न झूठे नैरेटिव से बहकता है, न षड्यंत्रों से डरता है और न ही देश को कमजोर करने वाली सोच के सामने झुकता है।

यह भी पढ़ें- भोपाल में बदसलूकी करने वाले TI विरोध में आदिवासी छात्रों का उग्र प्रदर्शन, FIR की मांग; महिला कार्यकर्ता ने पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़

शिवराज ने आगे कहा कि आज सरकार के लिए देश का सम्मान और 140 करोड़ देशवासियों का भविष्य सर्वोपरि है। याद रखिए, जनता का विश्वास किसी नैरेटिव का मोहताज नहीं होता। वह काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से बनता है। यही नए भारत की ताकत है, यही जनता का विश्वास है और यही वह दीवार है, जिससे टकराकर रिजीम चेंज गैंग के सपने बार-बार बिखर जाते हैं।

शिवराज ने जोर देकर कहा कि जनता का विश्वास केवल बयानों या नैरेटिव से नहीं बनता, बल्कि काम, प्रतिबद्धता और नेतृत्व की ईमानदारी से हासिल होता है। उन्होंने इसी भरोसे को विपक्ष के सत्ता परिवर्तन के प्रयासों के सामने सबसे बड़ी बाधा बताया।