विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कांग्रेस आदिवासी नायकों से नफरत करती है', बिरसा मुंडा श्रद्धांजलि समारोह को लेकर राहुल गांधी पर बीजेपी ने साधा निशाना

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:07 PM (IST)

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर आदिवासी नायकों का अपमान करने का आरोप लगाया है।

बिरसा मुंडा जयंती पर बीजेपी ने राहुल गांधी को घेरा

बिरसा मुंडा जयंती पर बीजेपी ने राहुल गांधी को घेरा

HighLights

  1. बीजेपी ने राहुल गांधी पर आदिवासी नायकों के अपमान का आरोप लगाया।

  2. प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को आदिवासी-विरोधी बताया, सोनिया गांधी का भी जिक्र।

  3. राष्ट्रपति, पीएम ने बिरसा मुंडा को संसद परिसर में श्रद्धांजलि दी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है, लेकिन इस बीच बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

बीजेपी ने रविवार को कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आदिवासी नायकों का अपमान करने और उनसे नफरत करने का आरोप लगाया है।

बीजेपी ने साधा निशान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और पूरे गांधी-वाड्रा परिवार ने संसद में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि नहीं दी।

प्रदीप भंडारी ने कहा, राहुल गांधी और कांग्रेस आदिवासी नायकों से नफरत करते हैं। कांग्रेस आदिवासी-विरोधी है। साथ ही भंडारी ने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी पर भी टिप्पणी की। प्रदीप भंडारी ने कहा कि पहले भी सोनिया गांधी ने भारत की राष्ट्रपति, जो आदिवासी समुदाय से आती हैं, को बेचारी महिला कहकर संबोधित किया था।

भारत समिट को लेकर उठाए सवाल

प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास जॉर्ज सोरोस इकोसिस्टम से जुड़े भारत समिट में शामिल होने के लिए समय है, लेकिन देश के महान आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान देने के लिए समय नहीं है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता के लिए विदेशी विचारधारा से जुड़े कार्यक्रम देश के नायकों से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गए हैं।

संसद परिसर में दी गई श्रद्धांजलि

बीजेपी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब रविवार को संसद भवन परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

क्या है जनजातीय गौरव दिवस का महत्व?

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने साल 2021 में 15 नवंबर, यानी बिरसा मुंडा की जयंती को हर साल जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश की आजादी में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करना और राष्ट्र निर्माण में आदिवासी समुदायों के योगदान को सम्मान देना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।