आर्थिक आपदा वाले बयान पर घिरे राहुल गांधी, भाजपा बोली- रेवंत रेड्डी के बयान ने ही कांग्रेस को दिया जवाब
राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक तबाही' बताने वाले बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भारत को 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के दावे का हवाला दिया।

राहुल गांधी (File Photo)
HighLights
राहुल गांधी ने विदेश में भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक तबाही' कहा।
भाजपा ने तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी के बयान से राहुल को घेरा।
रेवंत रेड्डी ने भारत को 2047 तक 30 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बताया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश की धरती पर भारतीय अर्थव्यवस्था को आर्थिक तबाही बताकर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के ही मुख्यमंत्री ने ही राहुल के दावों की हवा निकाल दी है। दरअसल तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा था है कि भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और विकसित देश बन जाएगा।
भाजपा मुख्यालय में प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शुक्रवार को कहा, रेवंत ने स्वीकार किया है कि भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था और विकसित देश बन जाएगा। इसका मतलब है कि कांग्रेस के ही नेता मानते हैं कि कोई आर्थिक आपदा नहीं है। भारत 2047 तक विकसित देश बनने जा रहा है।
भंडारी ने कहा, ऐसे समय में जब राहुल भारतीय अर्थव्यवस्था को आपदा बताते हैं और भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, उनकी अपनी पार्टी के नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने उनके भारत-विरोधी, भारतीय लोकतंत्र-विरोधी और भारतीय अर्थव्यवस्था-विरोधी एजेंडे को उजागर कर दिया है।
भंडारी ने यह भी पूछा कि क्या राहुल अब अपने ही मुख्यमंत्री के बयान के बाद अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगेंगे? दरअसल, हैदराबाद में इंडियन रोड्स कांग्रेस के 85वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए रेवंत ने कहा था कि भारत 30 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनेगा और तेलंगाना इसमें तीन ट्रिलियन डालर का योगदान देगा।
उन्होंने यह भी कहा था कि राष्ट्रीय हित, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और लोगों के कल्याण जैसे क्षेत्रों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि राहुल ने मंगलवार को न्यूयार्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को इकोनमिक डिजास्टर बताते हुए बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। भाजपा ने उनके इस बयान को विदेश में भारत की छवि खराब करने की कोशिश करार दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।