अमित शाह ने भंग किए सभी राष्ट्रीय प्रकोष्ठ
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सभी राष्ट्रीय प्रकोष्ठों को भंग कर दिया है। माना जा रहा है कि जल्द ही उनका पुनर्गठन किया जाएगा। इसके साथ ही सदस्यता अभियान की मुख्य जिम्मेदारी लखनऊ के मेयर और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को दे दी है। उनके साथ चार सदस्यों की समिति
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सभी राष्ट्रीय प्रकोष्ठों को भंग कर दिया है। माना जा रहा है कि जल्द ही उनका पुनर्गठन किया जाएगा। इसके साथ ही सदस्यता अभियान की मुख्य जिम्मेदारी लखनऊ के मेयर और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को दे दी है। उनके साथ चार सदस्यों की समिति काम करेगी।
सदस्यता अभियान को भाजपा बड़े नजरिए से देख रही है। दरअसल इसी अभियान के साथ भाजपा की चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन भी काम करेगा। इंटरनेट और फोन के जरिये सदस्यता लेने वालों की सीधी जानकारी संबंधित बूथ और कार्यकर्ता तक भेजी जाएगी। शाह ने सदस्यों की संख्या लगभग तीन गुनी करने का अघोषित लक्ष्य रखा है। लिहाजा राष्ट्रीय प्रकोष्ठों को तो भंग कर दिया है, लेकिन सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी तय करने में देर नहीं की। भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार दिनेश शर्मा इसके मुख्य प्रभारी हैैं। उनके साथ विनय सहस्त्रबुद्धे, सुधा यादव, अरुण सिंह और सीटी रवि को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी प्रकोष्ठ के लिए तत्काल प्रभाव से विजय चौथईवाले को प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है, लेकिन अन्य प्रकोष्ठों में नियुक्ति के लिए संभवत: दस पंद्रह दिन का इंतजार करना पड़ा सकता है। दरअसल, पूरी टीम बनने के बावजूद पुराने प्रकोष्ठ और पुराने व्यक्ति ही जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शाह ने प्रकोष्ठों को भंग कर यह स्पष्ट कर दिया कि अब नए लोगों को नए तरीके से जिम्मेदारी मिलेगी।
पढ़े: नरेंद्र मोदी-अमित शाह से माफी मांगे उद्धव ठाकरे: भाजपा