Move to Jagran APP

BJP के OBC सांसद 29 मार्च को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से करेंगे मुलाकात, राहुल की टिप्पणी के बीच हो रही बैठक

बैठक में समाज को लेकर चर्चा की जाएगी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। यह बैठक एक ऐसे समय हो रही है जब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरनेम पर टिप्पणी को लेकर भाजपा के निशाने पर हैं।

By AgencyEdited By: Shashank MishraSun, 26 Mar 2023 09:56 PM (IST)
BJP के OBC सांसद 29 मार्च को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से करेंगे मुलाकात, राहुल की टिप्पणी के बीच हो रही बैठक
सभी ओबीसी सांसदों की पार्टी अध्यक्ष नड्डा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है।

नई दिल्ली, एएनआइ। भाजपा के सभी ओबीसी सांसद आगामी 29 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक करेंगे। भाजपा ने पहली बार इस तरह की बैठक बुलाई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष के लक्ष्मण ने कहा कि पार्टी के सभी ओबीसी सांसदों की पार्टी अध्यक्ष नड्डा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। बैठक के दौरान इस रणनीति पर विचार किया जाएगा कि चुनावी राज्यों में किस तरह ओबीसी मोर्चा अपना कार्यक्रम चलाए।

ओबीसी समाज के अपमान का लगाया आरोप

बैठक में समाज को लेकर चर्चा की जाएगी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। यह बैठक एक ऐसे समय हो रही है, जब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरनेम पर टिप्पणी को लेकर भाजपा के निशाने पर हैं। भाजपा उन पर समूचे ओबीसी समाज के अपमान का आरोप लगा रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद इसी समाज से आते हैं। के लक्ष्मण ने बताया कि ओबीसी मोर्चा अपने 'गांव-गांव चलो घर-घर चलो' अभियान के दौरान राहुल गांधी का मुद्दा भी जनता के सामने उठाएगा। यह अभियान छह अप्रैल से 14 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इस दौरान ओबीसी मोर्चा जनता को बताएगा कि किस तरह राहुल गांधी ने ओबीसी समाज का अपमान किया है।