पश्चिम बंगाल: पुलिस हिरासत में भाजपा के तीन सांसद, बशीरहाट जाने से रोका
बशीरहाट का दौरा करने वाली केंद्रीय टीम में सांसद मीनाक्षी लेखी, ओम माथुर और सत्यपाल सिंह शामिल थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में हिंसा भड़कने के बाद यहां माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। हिंसाग्रस्त बशीरहाट में कई दलों के नेता जाने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को भाजपा की केंद्रीय टीम भी बशीरहाट का दौरा करने पहुंची थी। लेकिन, पुलिस ने भाजपा नेताओं को मध्यग्राम में ही रोक लिया।
बशीरहाट का दौरा करने वाली केंद्रीय टीम में सांसद मीनाक्षी लेखी, ओम माथुर और सत्यपाल सिंह शामिल थे। पुलिस ने तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं की पुलिस के साथ बहस भी हुई। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अगर राज्य सरकार बशीरहाट में सामान्य स्थिति होने का दावा कर रही है तो फिर हमें वहां जाने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस से 'कहा हम सांसद हैं और सिर्फ तीन ही वहां जाएंगे। आप हमारा साथ दीजिए।' लेखी के आग्रह के बावजूद पुलिस ने उन्हें बशीरहाट जाने से रोक दिया।
इससे पहले, शुक्रवार को पुलिस ने भाजपा, लेफ्ट और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बशीरहाट जाने से रोक दिया था।
आग से खेलना बंद करें मुख्यमंत्री : चंद्र बोस
भाजपा नेता चंद्र कुमार बोस ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आग से खेलना बंद करें। वे सांप्रदायिक राजनीति बंद करे और कानून व्यवस्था बनाए रखें क्योंकि यह उनकी जिम्मेदारी है। बोस ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अलग ही दुनिया में वास कर रही हैं। बंगाल में क्या हो रहा है, ये उनके अलावा पूरे देश के लोगों को दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: बादुड़िया के बाद बशीरहाट अशांत, रूपा गांगुली समेत और कुछ भाजपा नेता गिरफ्तार