भाजपा का राहुल गांधी पर हमला, बताया- डायपर पहनने वाला बालक...!
राहुल गांधी अपने कार्यक्रम के दूसरे चरण में आज गुजरात के वडोदरा और छोटा उदयपुर में कई कार्यक्रम करेंगे।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी के गढ़ गुजरात में सेंध लगाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। वह लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला कर रहे हैं। इधर भाजपा के कई नेता राहुल के हमलों पर पलटवार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने तो इशारों ही इशारों में राहुल गांधी को डायपर पहनने वाला बालक तक कह दिया है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'ये कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि ये (राहुल गांधी) बालक बड़ा ही नहीं हो रहा है। वो डायपर से बाहर निकलना ही नहीं चाह रहा है।' बता दें कि राहुल गांधी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी के मुनाफे को लेकर ट्वीट किया था।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर गुजरात के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होगी। भाजपा आज राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में एक कार्यक्रम करने जा रही है। इस कार्यक्रम की अगुवाई अमित शाह करेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी इस कार्यक्रम में मौजूद होंगी।
इधर राहुल गांधी अपने कार्यक्रम के दूसरे चरण में आज गुजरात के वडोदरा और छोटा उदयपुर में कई कार्यक्रम करेंगे। राहुल का पूरा ध्यान इस समय गुजरात विधानसभा चुनाव पर लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें: शाह के आगमन की सुन राहुल ने किया था दौरा- स्मृति