गोवा विधानसभा चुनाव: भाजपा ने 29 उम्मीदवारों की सूची जारी की
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
नई दिल्ली(एएनआई)। गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 29 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि भाजपा एक बार फिर सत्ता पर काबिज होगी।
चार फरवरी गोवा में चुनाव
गोवा के 40 विधानसभा क्षेत्रों में 4 फरवरी को चुनाव होंगे। कुणाल ने बताया, इस बार चुनाव के दौरान उम्मीदवारों और पार्टियों द्वारा हो रहे खर्च पर फोकस करने पर भारतीय चुनाव आयोग अधिक जोर दे रही है। उन्होंने पहले ही पुलिस विभाग को नार्कोटिक ट्रेड पर कड़ी निगाह रखने को आगाह कर दिया है जो संभवत: मतदाताओं के बीच पैसे बांटने का जरिया हो सकता है।
यह भी पढ़ें: गोवा चुनाव में शिवसेना और GSM के साथ मिलकर चुनाव में उतरेगी MGP
त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना
गोवा में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है। चार फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और पहली बार जोर आजमाने वाली आम आदमी पार्टी (आप) आमने-सामने होंगी। 2012 के चुनाव में मनोहर पर्रिकर ने नेतृत्व में भाजपा ने जीत हासिल की थी।
तब महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के साथ उसका गठबंधन था। लेकिन अब यह गठबंधन टूट गया है। भाजपा ने अकेले दम पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। पार्टी कुल 40 सीटों में से 37 पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। कैथोलिक ईसाइयों के गढ़ सालसेट तालुका में तीन सीटों पर वह निर्दलीयों को समर्थन देगी। उधर, विपक्षी दल कांग्रेस के लिए यह अस्तित्व बचाने का अवसर है।
2012 के चुनाव में नौ सीट के साथ वह न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई थी। पिछले झटके से सबक सीखते हुए अब वह गोवा फॉरवर्ड, राकांपा और यूनाइटेड गोवांस पार्टी के साथ तालमेल के लिए तैयार हो गई है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने भी गोवा के चुनावी मैदान में ताल ठोंकी है। भाजपा और कांग्रेस से अलग रहने वाले कई संगठन आप के साथ जुड़ गए हैं।