SIR को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, पूछे 5 तीखे सवाल
भाजपा ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (SIR) पर कांग्रेस के विरोध मार्च पर पलटवार करते हुए पांच तीखे सवाल पूछे हैं।

भाजपा ने कांग्रेस से पूछे पांच तीखे सवाल।
HighLights
भाजपा ने मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कांग्रेस के विरोध को घेरा।
फर्जी राशन कार्ड, मनरेगा लाभार्थियों का मुद्दा उठाकर सवाल पूछे।
कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने का जवाब मांगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाकर सड़क पर विपक्षी विरोध मार्च का नेतृत्व कर रही कांग्रेस पर भाजपा ने करारा पलटवार किया है।
पांच तीखे प्रश्न पूछने के साथ ही भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि भाजपा सरकार आने के बाद जांच में 5.8 करोड़ फर्जी राशन कार्ड और मनरेगा लाभार्थियों में 2019 के बाद 4 करोड़ 45 लाख लोग ऐसे पाए गए, जो अस्तित्व में ही नहीं थे और मनरेगा की मजदूरी पा रहे थे।
कांग्रेस बताए कि लाभार्थियों की इन सूची में फर्जी नाम निकल सकते हैं तो मतदाता सूची में संदिग्ध क्यों नहीं हो सकते? उन्होंने सवाल उठाया कि संदिग्ध मतदाताओं को बिना जांच मताधिकार देकर कांग्रेस किसे लाभ पहुंचाना चाहती है? याद भी दिलाया कि सर्वाधिक घुसपैठ वाली असम की धुबरी सीट पर ही कांग्रेस को सबसे बड़ी लगभग दस लाख वोटों से जीत मिली थी।
संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैला रही कांग्रेस- सुधांशु त्रिवेदी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर मतदाता सूची और चुनाव आयोग सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं के पुराने वीडियो दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता पहले स्वयं डुप्लीकेट, मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं की जांच की आवश्यकता बताते रहे हैं, लेकिन अब जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस को लगातार चुनावों में हार से विक्षिप्त बताते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कुंठाधिपति, ईर्ष्याधिपति और आधुनिक गोबल्स की संज्ञा दी।
13 करोड़ काटे गए नामों में कौन-कौन शामिल?
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि आज जिन 13 करोड़ मतदाताओं का नाम काटे जाने की बात कांग्रेस नेता कर रहे हैं, इसमें 2.8 करोड़ लोग मृतक हैं, 6.3 करोड़ लोग स्थानांतरित हैं, एक करोड़ लोग डुप्लीकेट हैं, जिनका दो जगह वोट है और तीन करोड़ लोग अनुपस्थित या नॉन-ट्रेसेबल हैं। इनमें भी यदि किसी के पास कोई आधार है तो उन्हें मौका है कि वे कागज दिखाकर आ सकते हैं।
कांग्रेस स्पष्ट करे कि इन आंकड़ों में मृतक और डुप्लीकेट वोटर हैं या नहीं? सभी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप कांग्रेस पर लगाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने चुनावों में मेहनत न करने के लिए राहुल को कामचोर बताया और कहा कि काम करते नहीं हैं और हारने पर वोटचोरी की बात कहते हैं।
भाजपा के कांग्रेस से पांच सवाल
- पहला सवाल- कांग्रेस ने आज तक कितनी संवैधानिक संस्थाओं के ऊपर आरोप लगाए हैं और उनमें से कितने साबित हुए हैं?
- दूसरा सवाल- अगर मनरेगा में साढ़े चार करोड़ और राशन कार्ड में 5.8 करोड़ संदिग्ध लोग निकल सकते हैं, तो कांग्रेस के पास ऐसा कौन-सा अपूर्व ज्ञान है कि उसे लगता है कि वोटर लिस्ट में संदिग्ध लोग नहीं निकल सकते?
- तीसरा सवाल- पिछले एसआईआर 2003 से पहले कांग्रेस जिन राज्यों से गायब हैं और सदा-सर्वदा के लिए गायब है, उसके लिए कौन जिम्मेदार है?
- चौथा सवाल- आज तक राहुल गांधी ने कितने चुनावों में लगातार एक हफ्ता, डेढ़ हफ्ता या दो हफ्ता कैंप किया है और प्रचार किया है?
- पांचवां सवाल- आज कुछ राज्यों में उपचुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस ने उपचुनावों में वोटर लिस्ट चेक कर ली है या नहीं?
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी का ‘धप्पा’ प्लान, पुलिस को चकमा देकर बदला रास्ता; VIDEO हुआ वायरल
