विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उत्तराखंड में जमीन हड़पने की कोशिश कर रहीं प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा', भाजपा ने लगाया बड़ा आरोप

Published: Thu, 02 Jul 2026 09:42 PM (IST)

भाजपा ने आरोप लगाया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा उत्तराखंड में चार एकड़ जमीन हड़पने की कोशिश ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भाजपा ने प्रियंका-रॉबर्ट वाड्रा पर उत्तराखंड में जमीन हड़पने का आरोप लगाया।

  2. 90 वर्षीय महिला नसरीन खान की चार एकड़ जमीन पर विवाद।

  3. कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ पर धमकी देने का आरोप।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को दावा किया कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा उत्तराखंड में चार एकड़ जमीन हड़पने की कोशिश में शामिल हैं, जहां 90 साल की एक महिला को प्रापर्टी खाली करने की धमकी दी जा रही है। कांग्रेस, प्रियंका गांधी वाड्रा या राबर्ट वाड्रा की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार का असली काम राजनीति नहीं, बल्कि लोगों की जमीन हड़पना है। रॉबर्ट वाड्रा की भाभी सायरा वाड्रा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में चार एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं। जमीन की असली लीज स्वर्गीय कुलसुम खान के नाम पर है और अभी इस प्रापर्टी पर उनकी 90 साल की बहन नसरीन खान का कब्जा है।

भंडारी ने बताया कि किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ बुधवार देर रात करीब 100 समर्थकों के साथ उस प्रापर्टी पर पहुंचे और नसरीन खान को धमकी दी कि अगर उन्होंने जमीन खाली नहीं की तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कांग्रेस नेताओं को जब लगा कि सायरा वाड्रा कानूनी रास्ते से जमीन हासिल नहीं कर सकतीं, तो उन्होंने डराने-धमकाने का सहारा लिया।

वह (सायरा वाड्रा) तो बस सामने का चेहरा हैं, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा और राबर्ट वाड्रा उनके पीछे हैं। भंडारी ने कहा कि उनका आरोप नसरीन खान के बयान पर आधारित है। बुजुर्ग महिला ने खुद कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके फार्म पर आए थे, ताकि उनकी प्रापर्टी का कब्जा लेकर उसे वाड्रा परिवार को सौंप सकें।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)