Bihar Election Result 2020: बिहार में 223 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित, बाकी रिजल्ट जल्द घोषित होंगे
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर महागठबंधन के आरोपों पर चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने महागठबंधन के आरोपों पर कहा कि हम किसी के दवाब में काम नहीं करते हैं। सभी आंकड़े सार्वजनिक हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। बिहार चुनाव को लेकर मंगलवार देर रात आयोजित प्रेस काफ्रेंस में चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार में 223 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अब सिर्फ 20 सीटों के चुनाव परिणाम बाकी हैं, जो जल्द से जल्द घोषित किए जाएंगे। संभवत: एक घंटे में परिणाम घोषित किए जाएंगे। उप चुनाव आयुक्त चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि 5 बूथों के वीवीपैट जिन्हें मतगणना के लिए लिया जाना है, उनका अभ्यास चल रहा है। हमें उम्मीद है कि ये जल्द ही पूरा हो जाएगा। चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव परिणाम रात तीन बजे से पहले आ जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर महागठबंधन के आरोपों पर चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने महागठबंधन के आरोपों पर कहा कि हम किसी के दवाब में काम नहीं करते हैं। सभी आंकड़े सार्वजनिक हैं। हमें नहीं लगाता कि 119 सीटों को लेकर लगाए जा रहे आरोप सही हैं। चुनाव आयुक्त चंद्र भूषण ने कहा कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर हर कोई आंकड़े देख सकता है। चुनाव आयोग नियम के मुताबिक काम कर रहा है, जिन सीटों पर अंतर कम है वहां दोबारा मतगणना संभव है।
चुनाव आयोग के महासचिव उमेश सिन्हा ने कहा कि आयोग के सभी अधिकारी पूरी मेहनत से और नियम के हिसाब से काम कर रहे हैं। आयोग कभी किसी के दबाव में नहीं रहा है। कुछ ही चरणों की गिनती शेष रह गई है। अंतिम चरणों में जो भी आवश्यकता पड़ेगी, आयोग की देखरेख में पूरी की जाएगी।
कांग्रेस ने लगाए गड़बड़ी के आरोप
बिहार के चुनावी नतीजों में कांग्रेस को सबसे ज्यादा झटका लगा है, जिसके बाद पार्टी ने कुछ स्थानों पर गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। चुनावी नतीजों पर नजर रखने के लिए बिहार भेजे गए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने परिणाम आने के बाद देररात ट्वीट कर कहा कि बिहार चुनाव में और कितनी हेराफेरी चलेगी? किशनगंज में कांग्रेस प्रत्याशी 1,266 वोट से जीत गए थे। भाजपा उम्मीदवार अपने घर चली गई थी। अब कांग्रेस उम्मीदवार को सर्टिफ़िकेट देने से इनकार किया जा रहा है। प्रजातंत्र की हत्या कर सरेआम जनमत का अपहरण हो रहा है।