Move to Jagran APP

नईदुनिया ने श्रेष्ठ विधायकों को संसदीय सम्मान से नवाजा

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 'नईदुनिया संसदीय सम्मान' 2017 समारोह में प्रदेश के 10 विधायकों (महिला और पुरुष) को सम्मानित किया गया।

By Gunateet OjhaEdited By: Published: Tue, 05 Dec 2017 04:17 PM (IST)Updated: Tue, 05 Dec 2017 10:43 PM (IST)
नईदुनिया ने श्रेष्ठ विधायकों को संसदीय सम्मान से नवाजा

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 'नईदुनिया संसदीय सम्मान' 2017 समारोह में प्रदेश के 10 विधायकों (महिला और पुरुष) को सम्मानित किया गया। नईदुनिया द्वारा स्थापित यह पुरस्कार उन विधायकों को दिया जाता है जिनका विधानसभा में प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहता है।

loksabha election banner

जिन विधायकों को सम्मानित किया गया है, उनमें शामिल हैं - डॉ. गोविंद सिंह (कांग्रेस), ऊषा चौधरी (बसपा), यशपाल सिंह सिसोदिया (भाजपा), शीला त्यागी (बसपा), मुरलीधर पाटीदार (भाजपा), ममता मीना (भाजपा), सुखेंद्र सिंह (कांग्रेस) और हिना कावरे (कांग्रेस)।

वित्त और वाणिज्यिक कर मंत्री जयंत मलैया को समारोह में उत्कृष्‍ट मंत्री का सम्मान मिला। संसदीय परंपराओं के बेहतर निर्वहन और सवालों के संतोषजनक उत्तर श्रेणी में उनका चयन किया गया।

विधानसभा के मानसरोवर सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने की। इस अवसर पर जागरण समूह के सीईओ एवं प्रधान संपादक संजय गुप्त, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन एवं जागरण समूह के वरिष्ठ कार्यकारी संपादक प्रशांत मिश्र भी मौजूद थे।

आरंभ में नईदुनिया परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का स्‍वागत किया। एक बड़ी स्‍क्रीन पर नईदुनिया, नवदुनिया के सामाजिक सरोकारों को प्रदर्शित किया गया। नईदुनिया के संपादक (मध्यप्रदेश) आशीष व्यास ने संसदीय सम्मान समारोह की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। अध्‍यक्षीय भाषण में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि पुरस्कार से काम करने की इच्छा बढ़ती है।

प्रेरणा बने यह आयोजन

अपने संबोधन में दैनिक जागरण समूह के सीईओ व प्रधान संपादक संजय गुप्त ने कहा कि वे चाहेंगे कि अन्‍य प्रदेशों और संसद में भी उनके साथी यह कार्य आरंभ करें जो प्रेरणा बने। उन्होंने कहा कि पत्रकार होने के नाते हमने संसदीय सम्मान का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और राजनीति का दीए और बाती का साथ है।विधानसभा और संसद एक ऐसा मंदिर है जहां से राजनीति का अमिट छाप बनना आरंभ हो जाती है। अतिथियों के स्वागत की रस्म के बाद चुन गए सर्वश्रेष्‍ठ विधायकों को सम्‍मानित किया गया।

सपने देखेंगे तो ही आगे बढ़ेगे

मप्र विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने नईदुनिया/नवदुनिया परिवार को आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कहते थे, हमें सपने देखना चाहिए। आप बड़े सपने देखेंगे तो ही आगे बढ़ेंगे। डॉ. कलाम को हमने बुलाया था। उनका सम्मान किया था। हम सब उनसे बड़े प्रभावित हुए थे।

सदन में उपस्थिति का सार्थक नतीजा

उन्होंने कहा कि सदन में उपस्थिति रहती है तो इसका सार्थक नतीजा निकलता है। जो चार महिलाएं श्रेष्ठ चुनी गई हैं, वे किसी भी विषय पर बोलने में सक्षम हैं। श्री सिंह ने कहा कि गोविंद सिंह जी काफी अनुभवी हैं। हम उन्हें ऑलराउंडर करते हैं। जहां कमी पड़े, वहां हम बल्लेबाजी करने भेज देते हैं। कई बार उनके तेवर बहुत तीखे होते हैं। श्रेष्ठ चुने गए विधायकों को भी उन्‍होंने बधाई देते हुए कहा कि जयंत मलैया बड़े ही सहज व्यक्ति हैं।

लांजी विधायक हिना की तारीफ

लांजी विधायक हिना कावरे जब मंच पर आई तो सीएम ने कहा बहुत-बहुत बधाई बेटी। हिना के प्रभावी भाषण देने की काबिलियत की भी मंच से तारीफ की गई।

राजनीति तोड़ती है लेकिन नईदुनिया ने जोड़ दिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि कई विधायक ऐसे हैं जो सुबह से लेकर रात तक लगे रहते हैं। कब जागेंगे, कब खाना खाएंगे, कुछ पता नहीं होता। मैं सुबह 5 बजे से उठा हूं। रात तक काम करूंगा। यह मेरी नहीं, हर एक जनप्रतिनिधि की कहानी है।

सीएम ने कहा कि आजकल मिलना-जुलना कम हो गया है। राजनीति तोड़ती है, लेकिन नवदुनिया में जोड़ दिया। हमारी तीन बहनों और एक बेटी को सम्मान मिला है। ये भी बधाई के पात्र हैं। उन्‍होंने कहा कि गोविंद सिंह जी सिर्फ सच बोलते हैं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जयंत भाई के हाथ में खजाना सुरक्षित है।

नईदुनिया में स्वस्थ परंपरा

सीएम ने कहा कि नईदुनिया में स्वस्थ परंपरा है। मुमकिन है आपने दिखाया। दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं। जनप्रतिनिधियों के सामने अपेक्षाओं का अथाह सागर होता है। बहुत उम्मीदें हैं। ऐसे में आपने सम्मानित करके मनोबल बढ़ाया है। इसके लिए नईदुनिया परिवार का धन्यवाद।

अपराधों के खिलाफ सामाजिक आंदोलन चले

उन्होंने कहा कि यह हम सब का सम्मान है। मैं उनका अभिनंदन करता हूं। अच्छे काम का सम्मान होने ही चाहिए। इन्होंने एक बड़ी लकीर खींची है। अपराधों के खिलाफ सामाजिक आंदोलन चले और इसमें नईदुनिया जैसे मीडिया संस्थान अहम भूमिका निभा सकते हैं। आभार प्रदर्शन नईदुनिया के सीईओ संजय शुक्ला ने किया। गुढ़ के विधायक सुंदरलाल तिवारी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।

ऐसे हुआ विधायकों का चयन

विधायकों का चयन विधानसभा सचिवालय द्वारा तैयार रिकॉर्ड के आधार पर ज्यूरी ने किया है। ज्यूरी ने उन विधायकों को चुना है जिन्होंने प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचना, विधेयक चर्चा और उपस्थिति में सर्वाधिक भागीदारी की है। संसदीय सम्मान समारोह का यह निरंतर दूसरा वर्ष है।

ज्यूरी ने तय किए नाम

विधानसभा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विधायकों का चयन करने के लिए नईदुनिया ने वरिष्ठ नेताओं और संसदीय विशेषज्ञों की ज्यूरी बनाई थी।

इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, पूर्व विधायक शैलेंद्र प्रधान और विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव भगवानदेव ईसराणी शामिल थे।

ये विधायक चुने गए सर्वश्रेष्ठ


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.