Move to Jagran APP

UP, Haryana के बाद अब भोपाल के मदरसे में भी जंजीरों में जकड़ा है बचपन

मदरसा संचालक की प्रताड़ना से मासूम इतना तंग आ गया था कि रविवार तड़के वह जंजीर से बंधी टेबल लेकर ही मदरसे से भाग गया।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Mon, 16 Sep 2019 02:39 PM (IST)Updated: Mon, 16 Sep 2019 02:39 PM (IST)
UP, Haryana के बाद अब भोपाल के मदरसे में भी जंजीरों में जकड़ा है बचपन

नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। मध्य प्रदेश में भोपाल के मदरसे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक बच्‍चे को जंजीरों में बांधकर रखा गया था। यहां पर उसको शारीरिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ती थी। इससे तंंग आकर बच्‍‍‍‍चा रविवार को जंजीर से बंधी टेबल समेत मदरसे से भाग गया। करीब डेढ़ किमी तक वह इस टेबल को अपने साथ लेकर भागता रहा। उसके साथ मदरसे से भागने वालों में सात साल का एक और बच्चा भी था। जब कुछ लोगों ने इस बच्‍चे को टेबल के साथ जंजीर में बंधकर एक दुकान के सामने सोता देखा तब कहीं जाकर यह मामला प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद मदरसा संचालक और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला अशोका गार्डन क्षेत्र स्थित एक निजी मदरसे का है। आपको यहां पर ये भी बता दें इससे पहले इसी तरह का मामला हरियाणा और उत्‍तर प्रदेश में भी सामने आ चुके हैं।     

loksabha election banner

अशोका गार्डन थाना प्रभारी उमेश यादव के मुताबिक, प्रभात चौराहा अशोका गार्डन में दो बच्चों के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया था कि एक बालक के पैर में जंजीर ताले से बंधी है, जिसका दूसरा सिरा लोहे की छोटी बेंच से बंधा है। सूचना मिलते ही सिपाही अनार सिंह और केदार सिंह दोनों बच्चों को थाने लाए और जंजीर काटकर बच्चों को मुक्त कराया।

चाइल्ड हेल्प लाइन की कांउसलर अनिता मिश्रा द्वारा दोनों बच्चों की कांउसलिंग की गई। बच्चों से पूछताछ के आधार पर जकरिया मस्जिद अशोका गार्डन के मुफ्ती मोहम्मद साद (32) निवासी बी सेक्टर मयूर विहार कॉलोनी अशोका गार्डन भोपाल और हाफिज सलमान (19) निवासी बेरखेडी थाना बेगमगंज जिला रायसेन के खिलाफ बच्चों से मारपीट और पैर में लोहे की जंजीर बांधकर प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है। सात साल का बच्चा भितरवार (ग्वालियर) और दस साल का बच्चा पिपलानी (भोपाल) का रहने वाला है।

मदरसे में किशोर को जंजीर में बांधकर दी जा रही थी तालीम

बता दें 2 साल पहले भी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर चरथावल के गांव हैबतपुर के महद तालीमुल इस्लाम मदरसे में एक किशोर को जंजीरों में बांधकर तालीम देने का आरोप था। किशोर मदरसे से भाग निकला। एक जिला पंचायत सदस्य उसे थाने लेकर पहुंचे थे। किशोर ने एक मौलवी पर जंजीरों से बांधने व पीटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। मदरसे के मौलाना जाबिर ने कहा कि बच्चा बेहद शरारती है। उसकी शरारत देखकर मैंने उसे पढ़ाने से मना कर दिया था। बच्चे की मां जबरन उसे जंजीर में बांधकर मदरसे में छोड़ गई थी। मैंने बच्चे के साथ कुछ गलत नहीं किया। मां ने मौलवी को बेकसूर बताया था। कहा कि उसका बच्चा बेहद शरारती है। वह खुद ही उसे जंजीरों में बांधकर मदरसे में छोड़ गई थी। सहारनपुर के गांव मोहन अंबेहटा निवासी एक किशोर हैबतपुर के मदरसे में पढ़ता था।

मदरसे में मौलवी ने बच्चे के पैर में जंजीर डाल लगाया ताला, वीडियो वायरल

हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र के बोम्बेपुर मदरसा में दो मौलवियों द्वारा बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया था। वे बच्चों के पैर में जंजीर डालकर ताला लगा देते थे। एक बच्चे के साथ उन्होंने ऐसा किया तो उसने अपने पिता को बताया। इसके बाद पिता ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर व्हाट्स एप पर डाल दिया। मामला सामने आने पर पुलिस ने दाेनों मौलवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों का कहना है कि बच्चों को पढ़ाई में लापरवाही बरतने पर उन्हें सही रास्ते के लिए छोटी सी सजा दी थी। इसमें उसकी कोई दुर्भावना नहीं थी। बताया जा रहा है कि जो बच्चे अपना हाेमवर्क पूरा करके नहीं लाते थे मदरसे के मौलवी उन्हें यह सजा देते थे। एक व्यक्ति ने जब अपने दो बेटों को इस हाल में देखा तो उसने अपने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। कुछ ही देर में यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

बोम्बेपुर निवासी अयूब ने बताया कि उसके 10 व 12 साल के दो बच्चे बोम्बेपुर मदरसा में पढ़ते हैं। बच्चों ने उसे बताया कि मौलवी उन्हें लोहे की जंजीर से बांध कर रखते हैं। सच्चाई का पता लगाने के लिए वह मदरसा में गए तो देखकर हैरान रह गए। उनके बेटे के पैर में लोहे की जंजीर थी और उसमें ताला लगा दिया गया था। अयूब ने बताया कि उसने इस बारे में मौलवियों से बात की, लेकिन उन्होंने कहा कि यह तो छोटी सी सजा है। इसके अलावा मदरसे में और भी जंजीरें टंगी हुई थीं। उसने अपने मोबाइल से बेटे का वीडियो बना लिया। यह वीडियो उसने व्हाट्सएप पर डाल दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.