Move to Jagran APP

Madhya Pradesh: गहरी नींद में थे सभी मुसाफिर, रात 1 बजे लगा झटका और हिल गई पूरी ट्रेन; कई यात्री हुए घायल

ट्रेन के एस-3 कोच में सफर कर रहे युवक लोकेश राजपूत ने कहा वह भाटापारा से उज्जैन जा रहे थे। रात में सभी लोग नींद में थे। अचानक जोरदार झटका लगा। बर्थ पर सो रहे यात्री अचानक नीचे गिर गए।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Wed, 17 Aug 2022 10:52 PM (IST)Updated: Wed, 17 Aug 2022 10:52 PM (IST)
Madhya Pradesh: गहरी नींद में थे सभी मुसाफिर, रात 1 बजे लगा झटका और हिल गई पूरी ट्रेन; कई यात्री हुए घायल
घायल यात्रियों को इटारसी में मिला उपचार

इटारसी, जेएनएन। मंगलवार रात दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया-गुदमा रेलवे स्टेशन के बीच रात 1:20 बजे बड़ा रेल हादसा हुआ। बिलासपुर से भगत की कोठी जा रही 20843 'भगत की कोठी' एक्सप्रेस खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। देर रात हादसे के वक्त ट्रेन के अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। सुबह 6:20 मिनट पर यहां आने वाली यह ट्रेन बुधवार को पूरे 10 घंटे देरी से शाम 4 बजे इटारसी स्टेशन पहुंची। हादसे में जख्मी हुए यात्री भी ट्रेन में सफर कर रहे थे, रेलवे ने उनकी सुविधा को देखते हुए रेलवे अस्पताल की मेडीकल टीम को ट्रेन अटेंड करने के निर्देश दिए थे।

loksabha election banner

नींद में थे झटका लगते ही बर्थ से गिरे

ट्रेन के एस-3 कोच में सफर कर रहे युवक लोकेश राजपूत ने कहा वह भाटापारा से उज्जैन जा रहे थे। रात में सभी लोग नींद में थे। अचानक जोरदार झटका लगा। बर्थ पर सो रहे यात्री अचानक नीचे गिर गए। अधिकांश यात्रियों के सिर में बर्थ से टकराने या नीचे गिरने से सिर की चोट पहुंची है। दुर्ग से जयपुर जा रहे राजेन्द्र कुमार ने बताया कि

हमें ऐसा लगा पूरी ट्रेन हिल गई। संभलने का मौका ही नहीं मिला। कई यात्रियों के साथ सो रहे बच्चे और बर्थ पर रखा सामान भी गिर गया। रायपुर से भोपाल जा रहे बृजपाल सेन ने कहा उनके सिर में गंभीर चोट आई है। गोंदिया में प्राथमिक इलाज करा दिया गया। करीब 50 यात्री हादसे में जख्मी हुए थे। जिनकी हालत गंभीर रही या जिनकी चोट गहरी थी, उन्हें रेलवे ने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

10 घंटे देरी से आई ट्रेन

सुबह आने वाली ट्रेन हादसे की वजह से 10 घंटे देरी से दोपहर 3:51 मिनट पर प्लेटफार्म 3 पर पहुंची। यात्रियों ने बताया कि हादसे में एस-3 कोच के चार पहिए ट्रेक से उतर गए थे। घटनास्थल पर हाहाकार मच गया। जख्मी यात्री चीख-पुकार रहे थे। वहां अंधेरा था। इस वजह से काफी परेशानी हुई। रात 2:30 बजे मेडीकल वैन पहुंची। इसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सुबह 8 बजे तक पटरी से उतरी एस-3 बोगी को वापस चढ़ाया गया। इस कोच को क्षतिग्रस्त होने के कारण हटाया गया। दूसरा कोच लगाकर यात्रियों को दूसरी बर्थ दी गई। रात में हुए हादसे का खौफ हर यात्री के चेहरे पर देखने को मिला। अधिकांश यात्री जख्मी हुए हैं और कुछ बच गए। कुछ यात्रियों के झटका लगने से उनकी रीढ़ की हड्डी में तकलीफ बढ़ गई है। ट्रेन में महिलाएं, बुर्जुग, बच्चे भी थे।

बिलासपुर से अपने बच्चों के साथ जयपुर जा रही महिला अंशु गरदिया ने कहा कि हम साइड बर्थ पर सो रहे थे। अचानक ब्रेक लगे और झटके में वे बच्चों समेत नीचे गिर गईं। उनके सिर में लोहे की राड लगने से खून आ गया। कोच में अंधेरा था और बच्चे सहम गए। यात्री चीख-पुकार मचाने लगे। किसी को समझ नहीं आया कि यह कैसे हुआ।

स्वजनों के आए फोन

हादसे की खबर लगते ही इस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के स्वजनों की हालत खराब हो गई। स्वजनों ने तत्काल अपने लोगों को कॉल किया ओर उनकी खैर-खबर ली। कई यात्रियों के मोबाइल गुम हो गए थे। बाद में किसी तरह उनका संपर्क हुआ। यात्रियों की सुविधा को लेकर गोदिंया स्टेशन पर हेल्प डेस्क प्रारंभ की गई है। गंतव्य तक आने वाले हर बड़े स्टेशन पर यात्रियों को मेडीकल सुविधा एवं दवाएं प्रदान करने का इतंजाम किया गया। स्टेशन प्रबंधक देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि कंट्रोल मैसेज पर ट्रेन को अटेंड किया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर शिवम कुलश्रेष्ठ के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी यात्रियों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरण किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.