बेंगलुरु में सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में धमाका, दो लोग घायल
बेंगलुरु के बागलूर मेन रोड पर अमेजन कार्यालय के बाहर एक ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में धमाका हो गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
HighLights
बेंगलुरु के बागलूर मेन रोड पर ट्रांसफॉर्मर में धमाका हुआ।
धमाके में दो लोग घायल, एक का हाथ बुरी तरह झुलसा।
फुटपाथ पर लगे बिजली उपकरणों की सुरक्षा पर सवाल उठे।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के बागलूर मेन रोड पर अमेजन के ऑफिस के बाहर फुटपाथ पर लगे एक ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में धमाका हो गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए और रास्ते पर बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर लगाने को लेकर सवाल उठने लगे।
धमाके में दो लोग बुरी तरह घायल
इस धमाके में दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायल लोगों में से एक का हाथ धमाके के दौरान बुरी तरह से झुलस गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आईं। हादसे के समय एक छात्रा वहीं पास से निकल रही थी हालांकि गनीमत रही की छात्रा को कोई चोट नहीं लगी और वो पूरी तरह से सुरक्षित है।
कैमरे में रिकॉर्ड हुआ धमाका
ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में धमाके की पूरी घटना एक अभिभावक ने कैमरे में रिकॉर्ड की। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए उसी रास्ते से गुजर रहे थे उसी समय ये हादसा हुआ। इस धमाके के बाद पैदल चलने वालों के रास्तों पर लगे ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
2022 में धमाके में पिता बेटी की मौत
2022 में बेंगलुरु में ट्रांसफॉर्मर में हुए ऐसे ही धमाके में पिता-बेटी की मौत हो गई थी। उस मामले की जांच में पता चला था कि धमाके से पहले BESCOM को ट्रांसफार्मर के बारे में शिकायत मिली थी और बाद में अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगे थे।
