विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेंगलुरु में CJP ने किया 'चप्पल प्रोटेस्ट' का एलान, एक्टर प्रकाश राज भी होंगे शामिल

Published: Wed, 07 Oct 2026 11:34 AM (IST)

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बेंगलुरु में 'चप्पल प्रोटेस्ट' का एलान किया है। वहीं सीजेपी गुरुवार को SIR को लेकर जन अदालत भी लगाने वाली है।

HighLights

  1. CJP ने बेंगलुरु में 'चप्पल प्रोटेस्ट' और 'पीपल्स ट्रिब्यूनल' की घोषणा की।

  2. एक्टर प्रकाश राज भी वोटर लिस्ट विवाद पर विरोध में शामिल होंगे।

  3. हटाए गए नाम रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रंका ने मंगलवार को एलान किया कि वो बेंगलुरु में 'चप्पल प्रोटेस्ट' करेंगे। CJP ने कहा है कि यह विरोध प्रदर्शन गुरुवार, 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क में होगा।

सीजेपी इस विरोध प्रदर्शन से पहले वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) पर एक 'पीपल्स ट्रिब्यूनल' (जन-अदालत) आयोजित करेगी।

बेंगलुरु में चप्पल प्रोटेस्ट करेगी CJP

आशुतोष रंका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया, 'बेंगलुरु के लिए गुरुवार का दिन काफी हलचल भरा रहेगा। फ्रीडम पार्क में सुबह 10.30 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा।'

रंका ने आगे बताया, 'इस गुरुवार, 8 अक्टूबर को हम SIR पर आयोजित पीपल्स ट्रिब्यूनल में शामिल होंगे और उन कन्नड़ लोगों से बातचीत करेंगे जिनके नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।'

आशुतोष रंका ने चप्पल प्रोटेस्ट के बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'इसके बाद महिलाओं के समर्थन में 'चप्पल विरोध प्रदर्शन' किया जाएगा। उम्मीद है कि आप सभी बड़ी संख्या में इसमें शामिल होंगे।'

CJP के प्रोटेस्ट में शामिल होंगे एक्टर प्रकाश राज

कॉकरोच जनता पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रंका के साथ  एक्टर प्रकाश राज और अन्य युवा व सिविल सोसाइटी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

प्रकाश राज ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'कॉकरोच, दीपके, आशुतोष, सौरव और सभी युवा संगठनों व सिविल सोसाइटी की ओर से 'पीपल्स ट्रिब्यूनल' (जन-अदालत) का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्य भर से SIR के पीड़ित शामिल होंगे।'

एक्टर ने आगे लिखा, 'सभी नागरिकों से अपील है कि वे हमारे लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में हिस्सा लें। कल, 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में हमारे साथ जुड़ें।'

SIR को लेकर CJP प्रोटेस्ट

सीजेपी समेत बाकी विरोध कर रहे संगठन मांग कर रहे हैं कि SIR के दौरान किए गए सभी नाम हटाने के फैसलों को रद किया जाए और SIR से पहले वाली वोटर लिस्ट को ही बरकरार रखा जाए।

वे चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- KPSC के निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार और सदस्य गीता गिरफ्तार, भर्ती घोटाले में ED ने की कार्रवाई