बेंगलुरु में अवैध संबंध के शक में पति ने की पत्नी की हत्या, बोरी में बंद कर कचरे में फेंका शव; ऐसे खुला राज
बेंगलुरु में एक पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी 34 वर्षीय पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। दो महीने बाद एक आवारा कुत्ते की वजह से शव का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

(पती ने की पत्नी की हत्या तस्वीर- सोशल मीडिया)
HighLights
पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की।
शव को बोरी में भरकर कचरे के ढेर में छिपाया गया।
आवारा कुत्ते की वजह से दो महीने बाद खुला राज।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अवैध संबंध के शक में एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी 34 वर्षीय पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बोरी में भरा और पार्क के कोने में पड़े कचरे के ढेर के नीचे छिपाकर फरार हो गया। यह खौफनाक वारदात दो महीने से ज्यादा समय तक छिपी रही, लेकिन एक आवारा कुत्ते की वजह से इस कत्ल का राज खुल गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि यह घटना बेंगलुरु के कोडिगेहल्ली इलाके स्थित गुंडांजनेय मंदिर पार्क की है। मृतक महिला की पहचान 34 वर्षीय सुजाता के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसका दूसरा पति फयाज पाशा उर्फ कालू है, जो चिक्काबल्लापुर का रहने वाला है।
कुत्ते ने बाहर खींची खोपड़ी, तब खुला राज
पुलिस के मुताबिक, यह हत्या करीब दो महीने पहले की गई थी। 6 नवंबर की सुबह पार्क में टहलने आए लोगों ने वहां एक इंसानी खोपड़ी देखी, जिसे एक कुत्ता खींचकर बाहर ले आया था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची कोडिगेहल्ली पुलिस ने जब आसपास तलाशी ली, तो खोपड़ी से करीब 30 मीटर की दूरी पर कचरे के ढेर में छिपाई गई एक बोरी मिली। बोरी के अंदर से महिला का कंकाल बरामद हुआ।
आधार और पैन कार्ड से हुई पहचान
बड़ी बात यह है कि कंकाल के पास ही पुलिस को एक छोटा पाउच मिला, जिसमें सुजाता का आधार कार्ड और पैन कार्ड रखा था। इन्हीं दस्तावेजों के जरिए पुलिस ने मृतका की पहचान की और जांच आगे बढ़ाई, जिससे पता चला कि उसने फयाज पाशा से दूसरी शादी की थी।
5 बच्चों को बहन के पास छोड़कर की थी दूसरी शादी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुजाता के पहले पति की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। जक्कुर लेआउट में रहने वाली सुजाता ने अपने पांच बच्चों को अपनी बहन के घर छोड़ दिया था और खुद कचरा बीनने का काम करने लगी थी।
इसी दौरान उसकी मुलाकात खुद से 9 साल छोटे फयाज पाशा से हुई, जो कचरा बीनने के साथ-साथ मजदूरी भी करता था। करीब पांच महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी।
शराब के नशे में हुआ झगड़ा और कर दिया कत्ल
शादी के कुछ समय बाद ही पाशा को सुजाता के चरित्र पर शक होने लगा, जिसे लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। अनबन के चलते पाशा उसे छोड़कर चला गया था, लेकिन सुजाता के मनाने पर वह वापस लौट आया। दोनों के पास रहने का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था, इसलिए वे पार्कों और बस स्टैंड पर ही रात गुजारते थे।
पुलिस पूछताछ में पाशा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि करीब दो महीने पहले रात के समय दोनों ने पार्क में शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर फिर से झगड़ा शुरू हो गया और गुस्से में आकर पाशा ने चाकू से सुजाता का गला रेत दिया। हत्या के बाद उसने कचरा इकट्ठा करने वाली बोरी में शव को भरा और पार्क के एक कोने में कचरे के नीचे दबाकर भाग गया।
दस्तावेजों से सुराग मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 18 नवंबर को उसे येलहंका के रैतारा संथे इलाके से धर दबोचा। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।