बेंगलुरु अग्निकांड में बड़ी लापरवाही, आग बुझने के दो दिन बाद कमरे में मिले दंपती के शव; बदबू आने पर खुलासा
बेंगलुरु में एक लुब्रिकेंट की दुकान में आग लगने के दो दिन बाद, एक इमारत के अंदर से एक जोड़े के जले हुए शव मिले।

बेंगलुरु में दुकान में आग लगने के दो दिन बाद मिले दो शव
HighLights
बेंगलुरु में लुब्रिकेंट दुकान में आग लगने का मामला।
दो दिन बाद इमारत से मिले पति-पत्नी के जले शव।
पुलिस ने आकाश और नागरत्ना के रूप में की पहचान।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक लुब्रिकेंट की दुकान में आग लगने के दो दिन बाद, एक इमारत के अंदर से एक जोड़े के जले हुए शव मिले हैं।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए न्यूज एजेंसी पीटीआई को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को केजी हल्ली के कामागोन्दनहल्ली में लुब्रिकेंट की एक छोटी सी दुकान में आग लग गई थी। यह इलाका गंगम्मागुडी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
बदबू आने पर की इमारत की जांच
अधिकारी ने बताया कि सोमवार को किसी ने पुलिस को सूचना दी कि इमारत से बदबू आ रही है, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अच्छी तरह से जांच पड़ताल की।
जांच के दौरान, पहली मंजिल पर एक कमरे में दरवाजे के पास उस जोड़े के जले हुए शव मिले। पुलिस ने बताया कि बाद में उनकी पहचान आकाश और नागरत्ना के रूप में की गई है और वे केजी हल्ली स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करते थे।
काफी देर तक जलती रही थी इमारत
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आग शायद दुर्घटनावश लगी थी और काफी देर तक जलती रही।
दमकल और आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया था। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के बाद इमारत के कमरों की जांच की गई थी लेकिन उस समय कोई शव नहीं मिला था जिससे अनुमान लगाया गया था कि घटना में कोई मौत नहीं हुई थी।
