दोस्त के लोन का गारंटर बनना पड़ सकता है भारी, पहले जान लें ये जरूरी नियम और शर्तें
किसी दोस्त के लोन का गारंटर बनने से पहले उसके नियमों और शर्तों को समझना बेहद ज़रूरी है। ऐसा न ...और पढ़ें

दोस्त के लोन का गारंटर बनने के जोखिम और सावधानियां

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रत्येक व्यक्ति की चाहत होती है कि वह अपना पसंदीदा घर या वाहन जरूर खरीदे। इसके लिए उसको लोन भी लेना पड़ता है।
जब उधार लेने वाला व्यक्ति बैंक की आय या क्रेडिट स्कोर की शर्तों को पूरा नहीं करता है, या जब लोन की राशि काफी बड़ी होती है, या फिर लोन चुकाने की अवधि लंबी होती है तो बैंक उससे एक लोन गारंटर की मांग कर सकता है।
ऐसी स्थिति में अक्सर लोग अपने दोस्तों से ही लोन के लिए गारंटर बनने के लिए कहता है। यदि आप भी अपने दोस्त के लोन का गारंटर बनने जा रहे हैं तो पहले नियम और शर्तों को जरूर व अच्छी तरह से पढ़ लें। ऐसा न करने से आप पर प्रतिकूल आर्थिक असर पड़ सकता है।
सिर्फ औपचारिकता भर नहीं है गारंटर बनना
किसी दूसरे के लोन का गारंटर बनना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है। यह एक प्रकार का कानूनी समझौता होता है, जिस पर आप हस्ताक्षर करते हैं। इसमें स्पष्ट तौर पर लिखा होता है कि अगर लोन लेने वाला अपना कर्ज नहीं चुका पाता है तो उस लोन को चुकाने की जिम्मेदारी गारंटर पर आ जाती है।
भारतीय अनुबंध अधिनियम की धारा 128 के तहत, गारंटर कर्ज चुकाने के लिए जिम्मेदार होता है, जिसमें उस पर लगा ब्याज और जुर्माना भी शामिल है।
लोन गारंटर बनने के जोखिम
आम लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न बैंकों ने अपने ब्लाग पोस्ट में लोन गारंटर बनने के जोखिमों की जानकारी दी है। ऐसे में अपने किसी दोस्त के लोन का गारंटर बनने से पहले इन पर गौर करना जरूरी है। यहां कुछ प्रमुख जोखिमों की जानकारी दी जा रही है।
कानूनी जवाबदेही: यदि लोन लेने वाला व्यक्ति भुगतान करने में चूक करता है, तो कर्ज देने वाला बैंक या वित्तीय संस्थान बकाया राशि की वसूली के लिए गारंटी देने वाले के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर सकता है। उधार लेने वाले की अचानक मौत जैसी अप्रत्याशित परिस्थिति के कारण भी बैंक या वित्तीय संस्थान ऐसा कदम उठा सकता है।
समझौते से बाहर निकलने की मुश्किल: जब कोई व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति के लोन का गारंटर बनने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर कर देता है तो उससे बाहर निकलना काफी मुश्किल होता है। किसी गारंटी समझौते से मुक्त होने के लिए कर्ज देने वाले की सहमति जरूरी है। इसके लिए कर्ज लेने वाले को पहले किसी दूसरे गारंटर का इंतजाम या फिर सोना या संपत्ति जैसी कोई गारंटी देनी पड़ सकती है।
लोन योग्यता पर असर: किसी दूसरे व्यक्ति के लोन का गारंटर बनना भविष्य में आपके खुद के लोन लेने की क्षमता पर असर पड़ सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोन देने वाले संस्थान आपकी लोन चुकाने की क्षमता का आकलन करते समय, आपके द्वारा गारंटी दिए गए लोन को भी एक वित्तीय जिम्मेदारी के रूप में देखते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि आपको मिलने वाली लोन की रकम कम हो सकती है, या फिर लोन पर ब्याज की दर ज्यादा हो सकती है।
क्रेडिट स्कोर पर असर: यदि लोन लेने वाला व्यक्ति भुगतान में चूक करता है तो इससे गारंटी देने वाले के क्रेडिट स्कोर में भी कमी आ सकती है। अक्सर देखने में आता है कि बैंक या वित्तीय संस्थान समय पर भुगतान न किए जाने की सूचना गारंटर को नहीं देते हैं। इससे गारंटर को होने वाले नुकसान का पता ही नहीं चलता है।
क्या सावधानी बरतें?
लोन का गारंटर बनने से पहले दोस्त की आर्थिक स्थिति और उसके लोन चुकाने के रिकार्ड की जांच करें। आप लोन लेने वाले से उसकी क्रेडिट रिपोर्ट भी मांग सकते हैं।- यदि दोस्त की क्रेडिट रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी दिखे या वह रोजमर्रा के खर्चों के लिए भी लोन पर निर्भर है तो गारंटर बनने से मना करना ही बेहतर होगा।
- कानूनी समझौते को ध्यान से पढ़ें। यह अच्छी तरह समझ लें कि यदि लोन नहीं चुकाया जाता है तो गारंटर की क्या जिम्मेदारियां होंगी।
- लोन की मासिक किस्त के भुगतान पर नजर बनाए रखें। इससे भुगतान में कोई देरी होने पर आपको समय रहते जानकारी मिल जाएगी।
- अगर संभव हो तो किसी अन्य को सह-गारंटर (को-गारंटर) बनाने पर भी विचार कर सकते हैं। हालांकि, इससे आपकी जिम्मेदारी कम नहीं होगी, बल्कि दो लोगों में बंट जाएगी।
(नोट: यह लेख केवल जानकारी के लिए है। किसी भी प्रकार के लोन में गारंटर बनने से पहले दस्तावेज अच्छी तरह से पढ़ लें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।