हैदराबाद के होटलों में मटन बताकर बीफ करते थे सप्लाई, पुलिस ने दो लोगों को दबोचा
हैदराबाद पुलिस ने होटलों में मटन बताकर बीफ सप्लाई करने के आरोप में दो लोगों, मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद जहांगीर ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद की क्राइम टीम, सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) और फूड एडल्ट्रेशन सर्विलांस टीम (H-FAST) ने मंगलवार को कई होटलों में मटन बताकर बीफ सप्लाई करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान मल्लेपल्ली में उस्मान मीट शॉप के मालिक मोहम्मद उस्मान और अयान बीफ शॉप के कर्मचारी मोहम्मद जहांगीर पाशा के तौर पर हुई है। हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, ये दोनों होटलों में मटन बताकर बीफ सप्लाई कर रहे थे।
50 किलो मीट भी जब्त
अधिकारियों ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान 50 किलो मीट जब्त किया गया, जिसमें बीफ मिला हुआ था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हबीब नगर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।
एच-फास्ट ने 19 जून को भी की थी कार्रवाई
इससे पहले 19 जून को खाने-पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद पुलिस की H-FAST (हैदराबाद फ़ूड एडल्ट्रेशन सर्विलांस टीम) ने फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ मिलकर चारमीनार इलाके के हुसैनियालम पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में चल रहे एक अवैध फास्ट फ़ूड गोदाम पर अचानक छापा मारा और 110 किलोग्राम मिलावटी सामान जब्त किया।
विश्वसनीय जानकारी मिलने पर टीम ने पंच मोहल्ला के न्यू लाड बाजार में स्थित अल अकबर फास्ट फूड एंड गोदाम की जगह का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पाया कि खाने-पीने की चीजें बहुत ही गंदी और असुरक्षित स्थितियों में बनाई और रखी जा रही थीं, जिससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था।
अधिकारियों के अनुसार, यह यूनिट फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) से जरूरी लाइसेंस लिए बिना चल रही थी और इसमें एमएसके लायन ग्रीन और रास्पबेरी रेड जैसे प्रतिबंधित कृत्रिम फूड कलर्स का इस्तेमाल किया जा रहा था।
निरीक्षण में यह भी पता चला कि बासी कुकिंग ऑयल का दोबारा इस्तेमाल हो रहा था, पानी की गुणवत्ता का सर्टिफिकेट नहीं था, कीड़ों/चूहों से बचाव के उपाय नहीं किए गए थे और जगह पर बहुत ज्दाया गंदगी थी।
छापे के दौरान अधिकारियों ने लगभग 110 किलोग्राम तैयार फ्राइड चिकन, खुले कुकिंग ऑयल के छह टिन (हर एक 15 लीटर का) और कृत्रिम केमिकल फूड कलर्स के कई पैकेट जब्त किए। अवैध काम चलाने के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे दो लोगों को पकड़ा गया।
