विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टी-20 क्रिकेट में जो शॉट अब खेले जाते हैं, मुश्ताक अली 1936 में लगाते थे

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:44 AM (IST)

इंदौर के कैप्टन मुश्ताक अली के नाम पर देश का सबसे बड़ा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है। शनिवार से ...और पढ़ें

भारत सरकार ने वर्ष 1964 में मुश्ताक अली को पद्मश्री से सम्मानित किया था

भारत सरकार ने वर्ष 1964 में मुश्ताक अली को पद्मश्री से सम्मानित किया था

HighLights

  1. इंदौर के कैप्टन मुश्ताक अली की स्मृति में बीसीसीआइ द्वारा कराया जाता है देश का टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट

  2. भारत सरकार ने वर्ष 1964 में मुश्ताक अली को पद्मश्री से सम्मानित किया था

जेएनएन, इंदौर। इंदौर क्रिकेट के टी-20 प्रारूप में ऑफ साइड की गेंद को लेग साइड में या लेग साइड की ओर आती गेंद को ऑफ साइड में मारकर बल्लेबाज वाहवाही बटोरते हैं। ऐसे शाट क्रिकेट की परंपरागत किताबों में नहीं मिलते, लेकिन वर्तमान दौर के टी-20 क्रिकेट की यह पहचान बन चुके हैं।

मगर कम ही लोगों को पता है कि आजादी के पहले जब भारतीय टीम ने टेस्ट खेलना शुरू किया था तब एक ओपनर ऐसा भी था जो इसी अंदाज में बल्ला चलाया करता था। अब इंदौर के इन्हीं कैप्टन मुश्ताक अली के नाम पर देश का सबसे बड़ा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है। शनिवार से इंदौर में इसकी शुरुआत हो रही है।

भारत सरकार ने वर्ष 1964 में मुश्ताक अली को पद्मश्री से सम्मानित किया था। वे एमसीसी की आजीवन सदस्यता पाने वाले देश के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल थे।
क्रिकेट में परंपरागत रूप से बल्लेबाजों को सिखाया जाता रहा है कि ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को नहीं खेलना है। अब टी-20 क्रिकेट में यह जरूरत बन चुका है क्योंकि बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का दबाव होता है।

मगर वर्ष 1930 के दशक में इंदौर के कैप्टन मुश्ताक अली ऐसे ही शाट लगाकर चर्चित हुए थे। मुश्ताक अली के बेटे और मप्र के पूर्व क्रिकेटर गुलरेज अली बताते हैं, तब रन बनाने की रफ्तार बहुत धीमी होती थी।

क्रीज से बाहर निकलकर गेंद को खेलने की कोई सोचता भी नहीं था और मेरे पिता को आगे बढ़कर छक्का मारने में बहुत आनंद आता था। वे आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते थे।

लेग साइड की गेंद को ऑफ साइड में और ऑफ साइड की गेंद को लेग साइड में बड़ी सहजता से खेला करते थे। साल 1936 में इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में जब वे ऐसे ही खेल रहे थे तो अंग्रेजों को शुरुआत में उन्हें देखकर हंसी आ रही थी। थोड़ी देर बाद जब पिता 50-60 रनों तक पहुंच गए तो अंग्रेज क्षेत्ररक्षकों को अहसास हुआ कि यह भारतीय बल्लेबाज ऐसे ही खेलता था।

इस मैच में मुश्ताक अली ने 112 रन बनाए थे और विदेशी जमीन पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने थे। सत्र 1951 52 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टेस्ट जीत में वह टीम के प्रमुख सदस्य थे। यह उनके करियर का 11 वां और अंतिम टेस्ट मैच भी था। वे फैशनेबल भी बहुत थे। गले में रुमाल बांधकर बल्लेबाजी करने जाने का उनका अंदाज तब काफी लोकप्रिय था।

15 साल के वैभव पर देश की निगाह

कैप्टन मुश्ताक अली ट्राफी टी-20 टूर्नामेंट के मुकाबले शनिवार से प्रारंभ होंगे। इंदौर में समूह-बी के मैच इंदौर में खेले जा रहे हैं। इस समूह में बिहार के अलावा पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, सौराष्ट्र, तमिलनाडु और रेलवे की टीमें शामिल हैं।

देश की निगाहें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जो बिहार की कप्तानी संभाल रहे हैं। बिहार की पहली टक्कर सौराष्ट्र से होना है। समूह की टीमों ने होलकर स्टेडियम और डेली कालेज के मैदान पर अभ्यास में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। पंजाब टीम में युजवेंद्रा चहल और दिल्ली में ईशांत शर्मा जैसे कई नामी खिलाड़ी इंदौर में हिस्सा ले रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।