शेख हसीना की संभावित वापसी और गंगा जल संधि की समयसीमा से बढ़ी कूटनीतिक चुनौतियां, बांग्लादेश में भड़की हिंसा
बांग्लादेश गहरे राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल से गुजर रहा है, जहां शेख हसीना की संभावित वापसी और गंगा जल संधि की समयसीमा ने कूटनीतिक चुनौतियां बढ़ा दी हैं।
-1795022450012_m.webp)
गंगा जल संधि की समयसीमा से बढ़ी कूटनीतिक चुनौतियां ( यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।)
HighLights
शेख हसीना की वापसी से बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल।
गंगा जल संधि की समयसीमा, भारत-बांग्लादेश संबंध तनाव में।
देशभर में हिंसा, आगजनी और श्रमिक आंदोलन जारी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस समय बांग्लादेश गहरे राजनीतिक और सामाजिक ज्वार-भाटे से गुजर रहा है। एक तरफ जहां देश की सड़कों पर हिंसा, आगजनी और पुलिस के साथ हिंसक झड़पों का दौर जारी है, वहीं दूसरी तरफ अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के निर्वासन से अगले महीने स्वदेश लौटने की संभावना ने राजनीतिक पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
घरेलू अशांति के इस भंवर के बीच, भारत और बांग्लादेश के कूटनीतिक रिश्तों के सामने भी एक बड़ी परीक्षा आ खड़ी हुई है। एक महीने के भीतर बहुचर्चित 'गंगा जल बंटवारा संधि' की समयसीमा समाप्त होने वाली है, लेकिन भविष्य की वार्ताओं को लेकर अभी भी गहरी अनिश्चितता बनी हुई है।
भारत सरकार प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बातचीत के लिए आमंत्रित करने की इच्छा जता चुकी है, ताकि दोनों देशों के बीच के मतभेदों को सुलझाया जा सके और जल संधि को नए सिरे से या थोड़े समय के लिए बढ़ाया जा सके। हालांकि, इस बाबत ढाका की ओर से अभी तक कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई है।
एक तरफ शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग और दूसरी तरफ उनका खुद देश लौटने का साहसिक फैसला, दोनों देशों के नाजुक रिश्तों में एक जटिल कूटनीतिक दुविधा पैदा कर रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि आर्थिक दबाव, श्रमिकों के असंतोष और राजनीतिक ध्रुवीकरण के इस दौर में बांग्लादेश का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि आगामी दिनों में देश की सियासत क्या नया मोड़ लेती है।
बहरहाल, तमाम कानूनी खतरों के बावजूद शेख हसीना और अवामी लीग के अन्य नेता अदालतों के सामने आत्मसमर्पण करने और कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सरकार के सामने देश की आंतरिक व्यवस्था को संभालना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
इस बीच, देश के सबसे बड़े निर्यातक क्षेत्र - तैयार कपड़ा उद्योग (रेडीमेड गारमेंट) - के कर्मचारी भी वेतन वृद्धि को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन पर हैं, जिससे देश की आर्थिक स्थिति और अधिक नाजुक हो गई है।
शेख हसीना की संभावित वापसी की सुगबुगाहट के साथ ही उनके गृह जिले गोपालगंज और आसपास के इलाकों में हिंसा भड़क उठी है। फरीदपुर के भंगा इलाके में पुलिस और अवामी लीग के समर्थकों के बीच हुई झड़पों में बीएनपी के स्थानीय किसान विंग के नेता राजू मोल्लाह की हत्या के बाद हालात और बेकाबू हो गए।
उपद्रवियों ने एक पुलिस स्टेशन, सत्तारूढ़ दल के एक सांसद के घर और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने देश भर में सुरक्षा कड़ी करते हुए सैकड़ों अर्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया है।
इसके साथ ही, अवामी लीग के नेताओं और पूर्व मंत्रियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में पूर्व मंत्री और स्वतंत्रता सेनानी नजरुल इस्लाम हिरू को भी ढाका से गिरफ्तार किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।