विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हड़ताल की भेंट चढ़ा बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग, 42.8 करोड़ डॉलर का भारी नुकसान

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:53 PM (IST)

बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों की हड़ताल से गहरे संकट में है, जिससे अनुमानित 42.8 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। 

मजदूरों की हड़ताल से बांग्लादेश कपड़ा उद्योग को भारी नुकसान (फोटो- पीटीआई)

मजदूरों की हड़ताल से बांग्लादेश कपड़ा उद्योग को भारी नुकसान (फोटो- पीटीआई)

HighLights

  1. मजदूरों की हड़ताल से बांग्लादेश कपड़ा उद्योग को भारी नुकसान

  2. वेतन वृद्धि की मांग से 42.8 करोड़ डॉलर का घाटा

  3. उत्पादन ठप, वैश्विक ब्रांडों की आपूर्ति पर पड़ा असर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपड़ा निर्यातक देश बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाने वाला कपड़ा उद्योग इन दिनों गहरे संकट से जूझ रहा है।

वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अक्टूबर से जारी मजदूरों के देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के कारण इस क्षेत्र को अनुमानित 42.8 करोड़ डालर का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इन प्रदर्शनों ने देश की चार हजार से अधिक फैक्ट्रियों में से कई में उत्पादन ठप कर दिया है।

बढ़ती महंगाई के बीच भोजन, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के खर्च से जूझ रहे मजदूर वर्तमान 12,500 टका के बजाय न्यूनतम मासिक वेतन 30,000 टका (240 डालर) करने की मांग कर रहे हैं। देशव्यापी हड़ताल के मद्देनजर सरकार द्वारा नियुक्त वेतन बोर्ड अगले महीने नए न्यूनतम वेतन की घोषणा करने जा रहा है।

बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने एक सर्वेक्षण के हवाले से बताया कि क्रिसमस के व्यस्त सीजन से ठीक पहले हुए इस गतिरोध से 'लेवी स्ट्रास' और 'फ्रूट आफ द लूम' जैसे वैश्विक ब्रांडों की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

बुरी तरह प्रभावित 600 में से केवल 317 फैक्ट्रियों के आंकड़े ही मिल पाए हैं, इसलिए वास्तविक नुकसान कहीं अधिक हो सकता है। 317 फैक्ट्रियों को 42.8 करोड़ डालर का घाटा हुआ, जबकि 25.4 करोड़ डालर के आर्डर दूसरे देशों में चले गए।

एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद शाहेदुल इस्लाम ने चिंता जताते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और लाखों श्रमिकों की आजीविका के हित में इस नाजुक स्थिति से जल्द उबरना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह उद्योग देश की कुल निर्यात आय का चार-पांचवां हिस्सा (लगभग 38 अरब डालर) अर्जित करता है।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।