सेक्स स्कैंडल में फंसे इस बाबा को मठ में जाने पर भी प्रतिबंध
नित्यानंद 2010 में एक सेक्स स्कैंडल में पकड़े गए थे। उनके ऊपर दुष्कर्म का मामला चल रहा है। 'मदुरै अधीनम' के 292वें प्रमुख ने 2012 में नित्यानंद को मठ का 293वां प्रमुख घोषित किया था।
मदुरै, पीटीआइ। मद्रास हाई कोर्ट ने बुधवार को 2,500 साल पुराने सैविते मदुरै अधीनम मठ में नित्यानंद के प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया। नित्यानंद ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर मठ में प्रवेश करने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। इस पर हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने नित्यानंद और उसके शिष्यों को मठ के प्रशासन में भी हस्तक्षेप नहीं करने को कहा है।
जस्टिस आर महादेवन ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, हिंदू धार्मिक पुण्यार्थ निधि आयुक्त व मदुरै के जिलाधिकारी को नोटिस जारी किया और मामले की सुनवाई चार सप्ताह के लिए स्थगित कर दी।
नित्यानंद 2010 में एक सेक्स स्कैंडल में पकड़े गए थे। उनके ऊपर दुष्कर्म का मामला चल रहा है। 'मदुरै अधीनम' के 292वें प्रमुख ने 2012 में नित्यानंद को मठ का 293वां प्रमुख घोषित किया था। हालांकि वरिष्ठ पुजारी (292वें प्रमुख) ने महीने भर बाद ही अपने आदेश को रद कर दिया था। पिछले महीने नित्यानंद ने मठ में दैनिक धार्मिक व आध्यात्मिक गतिविधियां करने के लिए पुलिस सुरक्षा मांगने को हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। नित्यानंद का कर्नाटक में आश्रम है।
यह भी पढ़ें: नित्यानंद और राधे मां जैसे कथित संतों को नहीं देंगे सिंहस्थ में प्रवेश