हवाई जहाज से यात्रा करने वाले होते हैं स्टाफ और क्रू सदस्यों के बुरे बर्ताव के शिकार
यात्रियों के उत्पीड़न/स्टाफ क्रू व्यवहार श्रेणी में सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई गई। सीपीजीआरएएम पर दर्ज कराई गई सामान के खो जाने की शिकायतें दूसरे नंबर पर हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में हवाई जहाज से यात्रा करने वाले लोगों को एयरलाइंस कंपनियों के स्टाफ और क्रू सदस्यों के बुरे बर्ताव और उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक उड्डयन मंत्रालय के शिकायत निवारण प्रणाली में सबसे ज्यादा इसी की शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं।
परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट के मुताबिक सार्वजनिक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएम) पर दर्ज कराई जाने वाली दूसरी सबसे ज्यादा शिकायत सामान के खो जाने की है।
दस्तावेजों के मुताबिक 'यात्रियों के उत्पीड़न/स्टाफ क्रू व्यवहार' श्रेणी में सबसे ज्यादा 3,524 शिकायतें दर्ज कराई गई। जबकि, सीपीजीआरएएम को 'सामान खोने' की श्रेणी में 1,822 शिकायतें मिलीं।
'टिकट/किराया/रिफंड' से संबंधित शिकायतें तीसरे स्थान पर रहीं। यात्रियों द्वारा सीपीजीआरएएम पर इससे संबंधित 1,011 शिकायतें दर्ज कराई गईं। सीपीजीआरएएम ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रणाली है, जिसका मकसद केंद्रीय मंत्रालयों, केंद्रीय विभागों या संगठनों द्वारा शिकायतों का जल्द से जल्द निवारण करना है। केंद्र सरकार की तरफ से वर्ष 2007-08 में इसका गठन किया गया था। समिति ने अपनी यह रिपोर्ट 21 दिसंबर, 2018 को दी थी।