भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों का ऑडिट पूरा, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने की कसौटी
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि एफएए ने ऑडिट पूरा कर लिया है। अधिकारी ने कहा कि आडिट पूरा होने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों का ऑडिट पूरा (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
अमेरिकी एजेंसी ने पांच दिन परखीं भातीय विमानन क्षेत्र की बारीकियां
पिछले ऑडिट के आधार पर भारत की सुरक्षा आकलन श्रेणी 1 कायम
पीटीआई, मुंबई। अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने शुक्रवार को भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों का पांच दिन का ऑडिट पूरा कर लिया। इसमें मुख्य रूप से विमान संचालन, विमानों की उड़ान-योग्यता और कार्मिक लाइसेंसिंग के क्षेत्रों को शामिल किया गया। आडिट 16 नवंबर को शुरू हुआ था।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि एफएए ने ऑडिट पूरा कर लिया है। अधिकारी ने कहा कि ऑडिट पूरा होने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
तत्काल और जानकारी नहीं मिल सकी। परामर्श के बाद एफएए के ताजा ऑडिट का अंतिम नतीजा आने में कम से कम कुछ महीने लगेंगे।
दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागरिक विमानन बाजारों में शामिल भारत को फिलहाल एफएए के विमानन सुरक्षा आकलन कार्यक्रम के तहत श्रेणी 1 का दर्जा प्राप्त है।
एफएए अपने अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा आकलन (आइएएसए) कार्यक्रम के तहत यह तय करता है कि अमेरिका के लिए उड़ानें संचालित करने या शुरू करने की इच्छुक, अथवा किसी अमेरिकी विमानन कंपनी के साथ कोड शेयर करने वाली विमानन कंपनियों पर संबंधित देश की निगरानी अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आइसीएओ) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
एफएए के पिछले ऑडिट में भारत ने श्रेणी 1 का दर्जा बरकरार रखा था। आईएएसए कार्यक्रम के तहत एफएए ने 25 से 29 अक्टूबर, 2021 तक डीजीसीए का आडिट किया था।
इसमें विमान संचालन, विमानों की उड़ान-योग्यता और कार्मिक लाइसेंसिंग की जांच की गई थी। इसके बाद पिछले साल 25 और 26 अप्रैल को अंतिम परामर्श हुआ था। इसके बाद जुलाई 2022 और सितंबर 2022 में एफएए ने समीक्षा की।
ऑडिट का नतीजा अप्रैल 2023 में घोषित किया गया था।एफएए का श्रेणी 1 का दर्जा देश के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों के लिए एक अहम स्वीकृति है।
फिलहाल एअर इंडिया एकमात्र भारतीय विमानन कंपनी है, जो अमेरिकी शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती है। पिछले साल देश में विमान हादसों में से एक सबसे भीषण हादसा हुआ था।
एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान लंदन गैटविक जा रहा था, लेकिन अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी। इस साल हेलिकाप्टर दुर्घटनाओं के साथ कुछ अन्य घटनाएं भी हुई हैं।
इससे पहले, जनवरी 2014 में एफएए ने भारत का दर्जा घटाकर श्रेणी 2 कर दिया था। जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाने के बाद 2015 में श्रेणी 1 का दर्जा बहाल कर दिया गया।