बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बस की टक्कर से एयर इंडिया का कर्मचारी गंभीर
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर शनिवार को यात्रियों को ले जा रही इंडिगो बस ने एयर इंडिया के एक कर्मचारी को कुचल दिया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर शनिवार को यात्रियों को ले जा रही इंडिगो बस ने एयर इंडिया के एक कर्मचारी को कुचल दिया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, इंडिगो ने कर्मचारी को हल्की चोट आने की बात कही है।
एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विस लिमिटेड के युवा अनुबंध कर्मचारी शिवशंकर बेंगलुरु-माले की उड़ान संख्या एआइ265 को रवाना करके लौट रहे थे। इस दौरान इंडिगो बस ने उन्हें चपेट में ले लिया और कुछ दूरी तक घसीटती चली गई।' उन्होंने बताया कि शिव शंकर को गंभीर चोट आई है। उनकी कमर टूट गई है। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंडिगो ने रविवार को कहा, 'हम घटना की पुष्टि करते हैं। शनिवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 6ई2808 की उड़ान से पहले इंडिगो बस ने एयर इंडिया के एक कर्मचारी को टक्कर मार दी। उसे हल्की चोट आई है, वह सुरक्षित है। संबंधित एजेंसी इस मामले में जांच कर रही है। हम इसमें पूरा सहयोग कर रहे हैं।' बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या 6ई2808 का प्रस्थान समय शाम 6:55 बजे है।