विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों का कब होगा एलान? यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों के लिए आया बड़ा अपडेट
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 2027 की घोषणा 15 जनवरी के आसपास हो सकती है, जबकि मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना है।

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों पर बड़ा अपडेट (चुनाव आयोग-फाइल फोटो)
HighLights
चुनाव घोषणा 15 जनवरी के आसपास, मतदान 22 फरवरी के बाद।
यूपी, पंजाब सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 2027।
बोर्ड परीक्षाओं और माघ मेले का चुनाव कार्यक्रम पर असर।
अरविंद पांडेय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सहित पांच राज्यों में अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव फिलहाल तय समय पर ही होंगे लेकिन जो संकेत मिल रहे है, उनमें चुनाव ऐलान की तारीख इस बार थोड़ा आगे बढ़ेगी। जो 15 जनवरी के आसपास हो सकती है।
इसके साथ ही इन राज्यों में मतदान की शुरूआत भी 22 फरवरी के बाद हो सकती है। वैसे भी उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में एक चरण में ही चुनाव होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश में इसे तीन से चार चरणों की कराने की तैयारी है। 2022 में उत्तर प्रदेश सहित इन पांचों राज्यों के चुनाव का ऐलान आठ जनवरी को हुआ था।
चुनाव आयोग ने वैसे तो चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है लेकिन इसकी जो रफ्तार है, जिसमें अभी उत्तर प्रदेश व गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हो पाया है। इसके 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस दौरे के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा। इसमें एक महीने का समय लगने का अनुमान है। वैसे भी सभी राज्यों में आयोग का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव का ऐलान होता है।
इसके साथ ही आयोग ने चुनाव कार्यक्रम पर भी काम शुरू कर दिया है। इसमें बोर्ड परीक्षाओं सहित प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। जिसमें प्रयागराज व आसपास के जिलों से लाखों लोग महीने भर के कल्पवास के लिए आते है। जो वैसे तो 14 जनवरी से नौ मार्च तक रहेगा, लेकिन कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक ही रहते है।
वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित है।
आयोग से जुड़े सूत्रों की मानें तो जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है, उनमें से मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल इस पांचों राज्यों में सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में इससे पहले पांच राज्यों में चुनाव प्रक्रिया को पूरा करना है। ऐसे में इन पांच राज्यों में यह चुनाव 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है।
गौरतलब है कि जिन पांच राज्यों में चुनाव होने है, उनमें मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 तक, गोवा में 14 मार्च 2027 तक,पंजाब में 16 मार्च 2027 तक, उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 तक और उत्तर प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।