असम में रेल हादसा, इंजन समेत पटरी से उतरे सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस के 6 डिब्बे; कई घायल
असम के गुवाहाटी के पास दिगारू में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। ...और पढ़ें

गुवाहाटी के दिगारू में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी
HighLights
कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे।
गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ यह हादसा।
सभी यात्री सुरक्षित, कोई हताहत नहीं, बचाव कार्य जारी।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। बुधवार सुबह असम में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके दिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। संचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मिजोरम से कोलकाता जा रही यह यात्री ट्रेन अपने इंजन (लोकोमोटिव) समेत पटरी से उतर गई।
सुबह 06:54 बजे हुए हादसा
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के CPRO का कहना है, '11 नवंबर की सुबह लगभग 06:54 बजे, असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है।
संचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 'कई यात्रियों के घायल होने की खबर है, लेकिन घायलों की सही संख्या और ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।' अधिकारी ने बताया कि बचाव कार्य और पटरियों को साफ करने के लिए एक रिकवरी ट्रेन को मौके पर भेजा गया है।
इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे
इस हादसे में इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं, और महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।'
(एजेंसी के इनपुट के साथ)