असम में कोरोना के 327 नए मामले दर्ज, गुवाहाटी में 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्व सरमा के मुताबिक नए 327 मामलों में से 195 केस गुवाहाटी से दर्ज किए गए हैं।
गुवाहाटी, एएनआइ। असम में रविवार को 327 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 7,492 तक पहुंच गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने इसकी जानकारी दी है। नए 327 मामलों में से, 195 केस गुवाहाटी से दर्ज किए गए हैं।
ताजा रिलीज के मुताबिक राज्य में 2,390 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 5,088 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश में कोरोना से 11 लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है।
असम में 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू
राज्य में कोरोना के मामलों में वृद्धि होते देख गुवाहाटी में 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। यहां रविवार से लॉकडाउन लागू किया गया है। बता दें कि राज्य में दर्ज नए कोरोना मामलों में से सबसे ज्यादा केस यहीं के हैं।
इसके अलावा देश में कोरोना के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं, यहां हर दिन नए संक्रमितों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। देश एक दिन में 19,906 नए केस दर्ज किए गए हैं। इन नए मामलों के बाद रविवार तक देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 5,28,859 तक पहुंच चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। वर्तमान में 2,03,051 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है जबकि 3,09,713 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 16,095 तक पहुंच चुकी है जिनमें से 24 घंटों में 410 मरीजों की मृत्यु दर्ज की गई है।
दुनियाभर में 1 करोड़ के पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
बता दें कि दुनियाभर में अब तक 10,173,722 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 502,517 मरीजों की मृत्यु इस वायरस के कारण हो चुकी है। इसके अलावा 5,158,153 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब भी हुए हैं।