असम पुलिस का अवैध बांग्लादेशी नागरिकों पर एक्शन, बच्चे-महिला समेत 27 लोगों को पकड़ा
असम पुलिस ने गुवाहाटी और रंगिया में दो अलग-अलग अभियानों में 27 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ...और पढ़ें

असम पुलिस ने 27 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
असम पुलिस ने 27 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया।
गुवाहाटी और रंगिया में दो अलग-अलग ऑपरेशन हुए।
वैध दस्तावेज न होने पर बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
डिजिटल डेस्क, गुवाहटी। असम पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने गुवाहटी और रंगिया में दो अलग-अलग ऑपरेशन में 27 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है, हिरासत में लिये नागरिकों में पुरूष, महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं।
इन सभी नागरिकों पर बिना वैध दस्तावेज के राज्य में रहने का आरोप है। अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों को बांग्लादेश वापस भेज दिया जाएगा।
दो अलग ऑपरेशन में कार्रवाई
16 सितंबर को असम पुलिस के दो अलग-अलग ऑपरेशन में इन 27 लोगों के समूह को पकड़ा गया। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस कुलेंद्र नाथ डेका ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, 'संदिग्ध अवैध प्रवासियों के एक समूह के बारे में जानकारी मिलने के बाद सबसे पहले गुवाहटी में असम राज्य परिवहन निगम परिसर से 12 लोगों को हिरासत में लिया गया था।'
Eyes firm, action warm!
Monitoring their movement, @assampolice prevented the illegal entry of 12 infiltrators from the international borders to Assam- securing our State from the threat of demographic invasion. pic.twitter.com/NgmKBcnyZg
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) September 16, 2026
डेका ने मामले में आगे और जानकारी देते हुए बताया, 'हिरासत में लिए लोगों ने जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक और समूह के बारे में जानकारी दी थी। जिसके बाद उस जानकारी के आधार पर बॉर्डर पुलिस ने सरकारी रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को सतर्क किया, और 15 लोगों का एक और समूह हिरासत में लिया गया।'
15 लोगों का दूसरा समूह उस समय हिरासत में लिया गया जब ट्रेन रंगिया रेलवे जंक्शन से गुजर गई। इसके बाद उन्हें बोंगाईगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया और आगे की कार्रवाई असम पुलिस को सौंप दी गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जानकारी दी और कहा, 'हिरासत में लिए 27 लोगों में से किसी के पास भी दस्तावेज नहीं थे। जिनसे भारत में उनकी कानूनी स्थिति साबित हो सके।'
अधिकारियों के मुताबिक हिरासत में लिये गये सभी लोग बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों से हैं, जिनमें ढाका, सुनामगंज, गोपालगंज, बागेरहाट, खुलना और मयमनसिंह शामिल हैं। पुलिस फिलहाल ये भी पता लगा रहे हैं कि क्या किसी दलाल या बिचौलिए ने मेघालय के रास्ते भारत में उनके प्रवेश में मदद की थी।
कानूनी कार्रवाई के बाद वापस भेजे जाएंगे सभी बांग्लादेशी
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस कुलेंद्र नाथ डेका ने कहा, 'बॉर्डर पुलिस ने संबंधित डिप्टी कमिश्नर से निष्कासन आदेश जारी करने का अनुरोध किया है। उन्होने कहा कि आदेश जारी होने के बाद, हिरासत में लिए लोगों को बांग्लादेश वापस भेज दिया जाएगा।
शुरुआती जांच में पता चला है कि हिरासत में लिये गए ज्यादातर लोग नौकरी की तलाश में भारत आए थे। फिलहाल अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि किन परिस्थितियों में ये समूह भारत में दाखिल हुआ और क्या किसी व्यक्ति या नेटवर्क ने असम में उनके आने-जाने में मदद की थी।
