CM हिमंत बिस्व सरमा के विजिलेंस सेल के DSP की मौत, होटल के कमरे में मिला शव
असम के बोंगाईगांव जिले में मुख्यमंत्री के विजिलेंस सेल से जुड़े डीएसपी खर्गेश्वर राभा एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

DSP खर्गेश्वर राभा की मौत
HighLights
मुख्यमंत्री के विजिलेंस सेल के डीएसपी मृत पाए गए।
बोंगाईगांव के होटल जाह्नवी रीजेंसी में मिला शव।
पुलिस ने जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
डिजिटल डेस्क, दिसपुर। असम के बोंगाईगांव जिले के एक होटल के कमरे में, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के विजिलेंस सेल से जुड़े एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मृत पाए गए।
पुलिस ने गुरुवार को डीएसपी की मौत की जानकारी दी। अधिकारी की पहचान खर्गेश्वर राभा के तौर पर हुई है। उनका शव 'होटल जाह्नवी रीजेंसी' के एक कमरे में मिला, जो आंशिक रूप से सड़ने की स्थिति में था।
मुख्यमंत्री के DSP की मौत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, DSP खर्गेश्वर राभा 18 अक्टूबर को होटल में रुके थे। होटल कर्मचारियों ने जब इस बात पर ध्यान दिया कि बहुत देर से कमरे से कोई आ-जा नहीं रहा और कमरे से अजीब सी बदबू आ रही है, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
होटल के स्टाफ की तरफ से सूचना मिलने पर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इलाके को सुरक्षित किया, फोरेंसिक सबूत जुटाए और शव को अपने कब्जे में लिया।
शुरुआती जांच के आधार पर बात करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नुमल महतो ने कहा, 'मौत का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे घटनाओं के क्रम का पता चल सकेगा।'
एसएसपी नुमल महतो ने आगे कहा, 'हालांकि शुरुआती जांच से लगता है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं एक कारण हो सकती हैं, लेकिन किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी की आशंका को खारिज करने के लिए पूरी जांच की जा रही है।'
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
DSP खर्गेश्वर राभा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आधिकारिक बयान जारी किए जा सकते हैं।
पुलिस ने होटल में DSP राभा के रुकने और उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ता होटल के CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और विजिटर लॉग की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि सभी जानकारी जुटाई जा सके।
