यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'राज्य से आजीवन रहेगा रिश्ता', केरल से रवाना हुए आरिफ मोहम्मद खान; अब बनेंगे बिहार के राज्यपाल
केंद्र सरकार ने पिछले दिनों केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल बनाने के एलान किया। अब ...और पढ़ें

HighLights
- केरल से पटना के लिए रवाना हुए आरिफ मोहम्मद।
- रविवार को उन्होंने कहा- केरल के साथ आजीवन रहेगा जुड़ाव।
पीटीआई, तिरुवनंतपुरम। केरल के निवर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद रविवार को राज्य से रवाना हो गए। अब वह बिहार के राज्यपाल के तौर पर 02 जनवरी को शपथ लेंगे। राज्य जाते हुए उन्होंने कहा कि इस राज्य (केरल) का उनके दिल में बहुत खास जगह रहेगी और यहां से उनका आजीवन जुड़ाव रहेगा।
इस दौरान आरिफ खान ने कहा कि वह राज्य के लोगों द्वारा दिए गए प्यार, स्नेह और समर्थन के लिए अत्यंत आभारी हैं। बता दें अब केरल के राज्यपाल के तौर पर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर नियुक्त किए गए हैं। पहले वे बिहार के राज्यपाल थे।
क्या बोले आरिफ मोहम्मद?
बता दें कि राज्य छोड़ने से पहले यहां पत्रकारों से बात करते हुए खान ने केरल सरकार और राज्य के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत मलयालम में करते हुए कहा कि मेरा कार्यकाल पूरा हो गया है लेकिन, केरल अब मेरे दिल में एक बहुत ही खास जगह रखता है। मेरी भावनाएं, केरल के साथ मेरा जुड़ाव खत्म नहीं होने वाला है। यह अब एक आजीवन बंधन है।
सरकार लोगों के कल्याण के लिए करेगी काम
राज्य सरकार के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बारे में उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई उथल पुथल नहीं रहा। खान ने कहा कि उन्होंने केवल उसी अधिकार का प्रयोग किया जो राज्य विधानसभा द्वारा राज्यपाल को कुलाधिपति के रूप में सौंपा गया है। खान ने कहा कि किसी अन्य मुद्दे पर कोई विवाद नहीं हुआ। मुझे उम्मीद है कि सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी।
अब बनेंगे बिहार के राज्यपाल
कोई आधिकारिक विदाई नहीं दिए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है और इस तरह के समारोह के आयोजन के लिए यह आदर्श समय नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य से जाते समय वे सभी के बारे में केवल अच्छी बातें कहना चाहते हैं। खान आने वाले दिनों में बिहार के राज्यपाल का पद भार संभालेंगे, जबकि राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर केरल के नये राज्यपाल का कार्यभार संभालेंगे।
